Fourth Empire

Fourth Empire राष्ट्र की आवाज

04/03/2026

धरहरा के मोहनपुर में गोलीबारी से दहला गांव, दर्जनों राउंड फायरिंग व लाठी-डंडे की मारपीट में तीन घायल

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दहशत में ग्रामीण

धरहरा थाना क्षेत्र के औड़ाबगीचा पंचायत अंतर्गत मोहनपुर गांव में मंगलवार की रात करीब 10 बजे मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष की ओर से दर्जनों राउंड फायरिंग किए जाने और जमकर लाठी-डंडे चलने की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में एक पक्ष के रामाशीष यादव और झाड़ी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रवीश यादव को भी चोटें आई हैं। घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
घायल रामाशीष यादव ने बताया कि उनके घर के पास नीरज सिंह और उसके साथ 5-6 लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि देखते ही देखते 50-60 की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और उनके घर पर चढ़कर दर्जनों राउंड फायरिंग करने लगे। जान बचाने के लिए वे लोग चौकी के नीचे छिप गए, लेकिन आरोपियों ने उन्हें बाहर खींचकर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वे और उनके परिजन घायल हो गए।
घायल पक्ष का कहना है कि पुलिस को फोन करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद मुंगेर पुलिस अधीक्षक को दूरभाष पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का दावा है कि घटनास्थल से पांच खोखा भी बरामद किए गए।
वहीं, इस संबंध में धरहरा थाना अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस को घटनास्थल से किसी प्रकार की खोखा बरामदगी नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में पुलिस कैंप कर रही है। आवेदन मिलने पर विधि-सम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

25/02/2026

गंगा की लहरों ने छीनी जिंदगी: 40 घंटे बाद मिला जय का शव, मचा कोहराम

धरहरा प्रखंड के हेमजापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर गांव में गंगा नदी में डूबे 22 वर्षीय युवक जय कुमार का शव करीब 40 घंटे बाद मंगलवार के दोपहर लगभग 12 बजे बरामद कर लिया गया। लंबे इंतजार और अथक खोजबीन के बाद शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि रविवार दोपहर करीब एक बजे दियारा की ओर जाने के दौरान युवक अचानक गहरे पानी में समा गया था। देखते ही देखते वह लहरों में ओझल हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही सोमवार सुबह National Disaster Response Force (एनडीआरएफ) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मोटरबोट और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में सघन सर्च अभियान चलाया गया।
स्थानीय गोताखोरों भी छह से सात नावों के साथ लगातार नदी में तलाश करते रहे। खगड़िया से बुलाए गए गोताखोरों ने भी देर शाम तक पानी में उतरकर खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अंततः मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गंगा नदी से युवक का शव बरामद किया गया।
घटनास्थल पर हेमजापुर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार एवं मेदनीचौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार अपने पूरे दलबल के साथ मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे। बाहाचौकी मुखिया प्रतिनिधि राजीव रंजन उर्फ डब्बू भी मौके पर मौजूद रहे और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
धरहरा अंचल अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शव बरामद होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। जय की असमय मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

21/02/2026

जन सुनवाई में हंगामा: राजद के युवा प्रखंड अध्यक्ष संदीप कुमार हिरासत में लिए गए, सीओ के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज

धरहरा प्रखंड के अंचल कार्यालय में आयोजित शुक्रवार के दोपहर लगभग 12 बजे जन सुनवाई के दौरान कथित रूप से कार्यालय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के युवा प्रखंड अध्यक्ष संदीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस संबंध में अंचलाधिकारी (सीओ) वीरेंद्र कुमार के आवेदन पर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जन सुनवाई के दौरान संदीप कुमार ने भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) न्यायालय के आदेश की प्रति संलग्न करते हुए अपने नाम से एक आवेदन प्रस्तुत किया। अंचलाधिकारी वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि संदीप कुमार संबंधित मामले में पक्षकार नहीं हैं, इसके बावजूद आवेदन देकर जन सुनवाई की प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न किया गया। सीओ ने इसे दलाली का प्रयास बताते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।
सीओ के आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार को अंचल कार्यालय परिसर से हिरासत में ले लिया।
वहीं, संदीप कुमार ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे स्वयं संबंधित मामले में पक्षकार हैं और वैधानिक अधिकार के तहत आवेदन दिया था। उन्होंने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई करार दिया है।
घटना के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राजद नेताओं ने इसे प्रशासन द्वारा की गई राजनीतिक प्रताड़ना बताया है, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जन सुनवाई जैसी सार्वजनिक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई

21/02/2026

351 कलशों के साथ भलार में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे,नर्मदेश्वर महादेव की होगी प्राण-प्रतिष्ठा।

धरहरा प्रखंड अंतर्गत भलार गांव में श्री श्री 108 नर्मदेश्वर महादेव एवं माता पार्वती की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर गांव में गहरा धार्मिक उत्साह देखा जा रहा है। दो दिवसीय अनुष्ठान के तहत शुक्रवार से वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना का क्रम जारी है, जबकि मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा रविवार को संपन्न होगी।
समारोह के शुभ अवसर पर 351 कन्याओं, महिलाओं एवं युवाओं ने शुक्रवार के तड़के लगभग 10 बजे भव्य कलश यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा भलार गांव से निकलकर दशरथपुर, इटावा और पचरुखी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
शनिवार को पंचांग पीठ पूजन, प्रायश्चित, वास्तु पूजन,जलाधिवास, लिंगतोभद्र, ग्रह पीठ स्थापना,रुद्र योगिनी पीठ पूजन तथा आवाहित देव पूजन सहित नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा।
आयोजकों ने बताया कि रविवार को आवाहित देव पूजन के उपरांत सभी विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा, षोडशोपचार पूजन, अभिषेक, हवन, आरती एवं पुष्पांजलि का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण होगा।
कार्यक्रम में वाल्मिकी सिंह, लालू सिंह, देवदत्त सिंह, गोल्डन सिंह,आशीष सिंह तोमर, विजय सिंह, शिवकुमार सिंह, विक्रम सिंह, बबलू सिंह, पियूष सिंह, रौशन सिंह, संजीव सिंह, अरविन्द सिंह, कृष्णानन्द सिंह, अर्पित रंजन सहित भलार गांव के सैकड़ों श्रद्धालु सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
पूरे आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है और मंदिर परिसर में भक्तों की निरंतर भीड़ उमड़ रही है।

21/02/2026

अफवाह पर हंगामा: बच्चा चोरी की आशंका में पांच महिलाएं पकड़ी गईं, जांच में निकलीं निर्दोष

माताडीह स्थित रघुनाथपुर गांव में शुक्रवार के तड़के लगभग 11 बजे बच्चा चोर की अफवाह से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर पांच महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस की जांच में बच्चा चोरी जैसी किसी भी आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई और सत्यापन के बाद सभी महिलाओं को छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ महिलाओं की गतिविधि ग्रामीणों को संदिग्ध लगी। पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से लोगों ने बच्चा चोर होने की आशंका जताई और उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस को सूचना दी गई।
पकड़ी गई महिलाओं में रोशनी देवी (पति अमरजीत कुमार) एवं पूजा कुमारी (पति संजय कुमार), दोनों निवासी डोहरी गांव, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश); सानिया कुमारी (पति अजय कुमार), निवासी करीमाबाद, थाना कोवा, जिला मऊ; पूजा कुमारी (पति कृष्ण कुमार), निवासी गाजीपुर; तथा मिथुन कुमारी, निवासी रौहरी, जिला जौनपुर शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ की। प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि विस्तृत जांच में सामने आया कि सभी महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर मांगने का कार्य करती हैं। उनके विरुद्ध बच्चा चोरी या अन्य किसी आपराधिक गतिविधि का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। अफवाहों से सामाजिक तनाव बढ़ता है और निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

20/02/2026

मानगढ़ में पटेल सेवा संघ ने धूमधाम से मनाई छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती

धरहरा प्रखंड के मानगढ़ में पटेल सेवा संघ मुंगेर के द्वारा गुरुवार के दोपहर लगभग 12 बजे वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं पावन जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम संघ के सचिव माधवेंद्र मेहता के मानगढ़ स्थित आवास परिसर में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र कुमार मेहता ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवकी मंडल पटेल एवं विशिष्ट अतिथि वरूण कु सिंह (पटेल सेवा संघ, मुंगेर) उपस्थित रहे। इस अवसर पर मधुलिका मेहता,वरूण कु सिंह एवं कोषाध्यक्ष रवि शंकर प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शिवाजी महाराज की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम का संचालन देवकी मंडल पटेल ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के देशप्रेम,वीरता,सामाजिक उत्थान और नारी सम्मान के आदर्शों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पटेल सेवा संघ, मुंगेर के अजय कुमार,देवेन्द्र मंडल,दिलीप कुमार,निर्मल कुमार,शशि भूषण मेहता,अवधेश प्रसाद, नरेश मेहता,एम.एस. परवेज आलम,डॉ.राजेंद्र प्रसाद सिन्हा,शेष नाथ मंडल सहित गांव के कई लोग उपस्थित रहे।

20/02/2026

मध्य विद्यालय मानगढ़ में लापरवाही: पंखा लगाने के नाम पर 7वीं-8वीं के बच्चों को लंच के बाद भेजा घर, बीईओ ने कहा— होगी कार्रवाई

धरहरा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय मानगढ़ में गुरुवार के दोपहर लगभग 2 बजे सामने आई लापरवाही ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने क्लासरूम में पंखा लगाने के नाम पर सातवीं और आठवीं कक्षा के छात्रों को लंच के तुरंत बाद घर भेज दिया, जिससे स्थानीय अभिभावकों में नाराजगी फैल गई।
अभिभावकों का कहना है कि यह सीधे तौर पर बच्चों की पढ़ाई और अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। हैरानी की बात यह रही कि पंखा लगाने जैसे छोटे कार्य के लिए दो पूरी कक्षाओं की पढ़ाई बंद कर दी गई, जबकि विद्यालय की अन्य कक्षाओं में पढ़ाई सामान्य रूप से जारी रही।
छात्रों ने बताया कि उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि “पंखा लगना है, इसलिए घर जाओ।” घटना के बाद अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की मनमानी पर कड़ा विरोध जताया और इसे विभागीय नियमों का उल्लंघन बताया।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक कपिलदेव शर्मा ने इस मामले में स्वीकार किया कि पंखा लगवाने के कारण बच्चों को छुट्टी दी गई थी।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह बीईओ राकेश कुमार ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि स्कूल समय में छुट्टी देकर निजी या अन्य कार्य कराना नियम विरुद्ध है और इसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा और आगे विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होगी।
घटना के बाद अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि ऐसी मनमानी पर तत्काल सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई विद्यालय बच्चों के शैक्षणिक समय और अधिकारों से समझौता न कर सके।

19/02/2026

दशरथपुर में दो दिवसीय किसान मेला संपन्न, उत्कृष्ट किसानों को मिला सम्मान
रेड क्रॉस सोसाइटी दशरथपुर के परिसर में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला बुधवार के संध्या लगभग 5 बजे विधिवत रूप से संपन्न हो गया। समापन समारोह में जिला कृषि पदाधिकारी सुष्मिता तथा परियोजना निदेशक आत्मा द्वारा विभिन्न कृषि क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि निर्णायक मंडली ने किसानों का चयन नवाचार, उन्नत तकनीक के प्रयोग, जैविक खेती तथा फसल उत्पादन के बेहतर मानकों के आधार पर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी सुष्मिता ने कहा कि जिले में कृषि विकास को गति देने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाने वाले किसानों की सराहना करते हुए कहा कि आत्मा की विभिन्न योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने किसानों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले सर्विस प्रोवाइडर्स को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान शशिकांत कुमार सहित कई सेवा प्रदाताओं को कृषि तकनीक के प्रसार में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आनंदमूर्ति ने किया। मौके पर सहायक निदेशक पौधा संरक्षण पंकज कुमार, उपनिदेशक अभियंत्रण राजकुमार, सहायक निदेशक विस्तार जयशंकर प्रसाद, सहायक निदेशक शस्य परिक्षेत्र अमित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, तरुण सिंह विकास सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के तकनीकी प्रबंधक व अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर नाटक मंडली द्वारा आकर्षक नाटक प्रस्तुत कर कृषि विभाग व आत्मा की योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसे किसानों ने खूब सराहा। किसान मेले को जिले में कृषि जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

19/02/2026

धरहरा विद्युत सब स्टेशन से दो घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, 12 से 2 बजे तक कटौती

धरहरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गुरुवार को दो घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। धरहरा विद्युत सब स्टेशन अंतर्गत गुरुवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।
इस संबंध में बुधवार की संध्या लगभग 4 बजे जानकारी देते हुए कनीय अभियंता रोहित कुमार ने बताया कि मीटरिंग यूनिट एवं मेंटेनेंस कार्य को लेकर यह शटडाउन लिया जा रहा है। इस दौरान धरहरा, दशरथपुर, मोहनपुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह कार्य बिजली व्यवस्था को अधिक सुचारू एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बिजली विभाग के अनुसार कार्य पूर्ण होते ही निर्धारित समय के बाद बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी जाएगी।

19/02/2026

धरहरा में स्वच्छता संवाद: ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक

धरहरा प्रखंड में बुधवार के दोपहर लगभग 12 बजे स्वच्छता संवाद कार्यक्रम के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) को लेकर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के सभी पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत सचिव, स्वच्छता पर्यवेक्षक, विकास मित्र, जीविका के बीपीएम सहित संबंधित कर्मियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता बीडीओ राकेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि हर पंचायत को स्वच्छ और ओडीएफ प्लस बनाए रखने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना जरूरी है। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना ग्रामीण विकास की प्राथमिकता है।
इस मौके पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के जिला समन्वयक अमरेश कुमार ने बैठक के उद्देश्य, कार्ययोजना तथा अपशिष्ट प्रबंधन के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ठोस व तरल अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण ही गांवों में स्वच्छता का स्थायी मॉडल तैयार कर सकता है।
बैठक में स्वच्छता पर्यवेक्षकों को अपशिष्ट संग्रह, छंटाई, निस्तारण तकनीक और पंचायत स्तर पर क्रियान्वयन की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, प्रत्येक पंचायत में स्वच्छता निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने और समुदाय को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

Address

Munger

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Fourth Empire posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Share