20/08/2026
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ मंडल आयुक्त संजय जून ने की बैठक
- मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- मंडल आयुक्त व उपायुक्त ने बैठक से पहले फिरोजपुर नमक के बूथ नंबर 80 का किया दौरा
नूंह, 19 अगस्त। फरीदाबाद मंडल के आयुक्त संजय जून और उपायुक्त अखिल पिलानी ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत बैठक से पहले गांव फिरोजपुर नमक स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में बने बूथ नंबर 80 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट तथा स्थानीय नागरिकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने मौके पर एसआईआर से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा नागरिकों और बूथ लेवल एजेंट से प्रक्रिया के दौरान आ रही समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद लघु सचिवालय स्थित सभागार में फरीदाबाद मंडल के आयुक्त संजय जून की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियों, नोटिस जारी करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने संबंधी प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
बैठक में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार नूंह जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 31 मई 2026 को कुल 6,59,697 मतदाता दर्ज थे। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 71,052 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जबकि 1,80,057 मतदाताओं के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार 79-नूंह विधानसभा क्षेत्र में 31 मई को 2,09,569 मतदाता थे, जिनमें से 23,825 नाम हटाए गए और 60,256 नोटिस जारी किए गए। इसी प्रकार 80-फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में 2,44,719 मतदाताओं में से 22,509 नाम हटाए गए तथा 62,091 नोटिस जारी किए गए। 81-पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में 2,05,409 मतदाताओं में से 24,718 नाम हटाए गए तथा 57,710 नोटिस जारी किए गए।
मंडल आयुक्त संजय जून ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में सभी संबंधित पक्ष सक्रिय रूप से सहयोग करें और मतदाताओं से जुड़े दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार समय पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक दावे एवं आपत्ति की गंभीरता से जांच करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में पात्र मतदाता निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं, नोटिस जारी किए गए मतदाताओं के मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सहायता मोबाइल एप, मतदाता सेवा पोर्टल तथा निर्वाचन आयोग के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी। मंडल आयुक्त ने मतदाता-जनसंख्या अनुपात, लिंग अनुपात और आयु वर्ग के अनुपात को भी दुरुस्त रखने तथा मतदाता सूचियों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करवाने तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया में सहयोग करें।
इस अवसर पर एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम पुनहाना अमित गुलिया, नगराधीश अप्रितम सिंह, नायब तहसीलदार इलेक्शन राजेंद्र हुड्डा सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो-1 : गांव फिरोजपुर नमक स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में बने बूथ नंबर 80 का दौरा करते हुए फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून व उपायुक्त अखिल पिलानी। साथ में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट एवं स्थानीय नागरिक।
फोटो-2 : लघु सचिवालय स्थित सभागार में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून। साथ में उपायुक्त अखिल पिलानी व अन्य अधिकारी।