31/05/2026
𝗣𝘂𝗯𝗹𝗶𝗰𝗻𝗲𝘄𝘀𝗻𝗲𝘁𝘄𝗼𝗿𝗸: पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती वंदना चौहान के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पन्ना श्री एस.पी. सिंह बघेल के नेतृत्व में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना देवेन्द्रनगर पुलिस को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
फरियादी प्रहलाद पटेल निवासी वार्ड क्रमांक 14, बमरी, थाना देवेन्द्रनगर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 26 मई 2026 की रात्रि उसके घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्रनगर में अपराध क्रमांक 264/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। लगातार एवं सघन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रकरण में संलिप्त आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार रवि (उम्र 41 वर्ष), निवासी ग्राम सोनोरा, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना द्वारा अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई। आरोपी के कब्जे से चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 35 MS 0614 बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त अन्य मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।
प्रकरण में विधि के साथ संघर्षरत एक बालक की संलिप्तता पाए जाने पर उसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप पृथक वैधानिक कार्यवाही की गई है। उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
जप्त संपत्ति-
चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 35 MS 0614, अनुमानित कीमत ₹80,000।
घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 19 ZM 7848, अनुमानित कीमत ₹1,00,000।
सराहनीय भूमिका- उक्त सफलता में थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उप निरीक्षक संतोष सिंह यादव, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, शंकर प्रताप सिंह, सतेंद्र बागरी, शिवस्वरूप तिवारी, आरक्षक बृजेंद्र रैकवार, रोहित बागरी एवं महिला आरक्षक दीपा गुप्ता की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम के समर्पित, सतर्क एवं अथक प्रयासों से चोरी गई मोटरसाइकिल शीघ्र बरामद कर प्रकरण का सफल खुलासा किया गया।
Pannapolice