27/08/2026
** पावटा उपखण्ड में 28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन पर्व *
* स्कूलों में विद्यार्थियों ने मनाया रक्षाबंधन पर्व *
(पावटा न्यूज सर्विस, ओमप्रकाश शर्मा)
पावटा उपखण्ड में रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। अरविन्द मॉडल सेकेंडरी स्कूल पावटा में राखी का त्योहार गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अरविन्द शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के प्रतीक के रूप में बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी और एक-दूसरे के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर निबन्ध एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। वहीं जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। मान्यता है कि इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना करती है, वहीं कोटपुतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे रक्षा का वचन अभियान के तहत आज पुलिस थाना सरूण्ड द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरूण्ड में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी वृत कोटपुतली मदनलाल जैफ के सुपरविजन में थानाधिकारी सरूण्ड यशपाल सिंह के मय टीम विद्यालय में पहुंचने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस व आमजन के मध्य बेहतर समन्वय, विश्वास और आत्मीयता स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा व विश्वास की भावना पैदा करने के उद्देश्य से बालिकाओं से राखी बंधवाई गई। इस दौरान थानाधिकारी द्वारा सभी बालिकाओं को नवीनतम कानूनों यथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, हेल्पलाइन नम्बर्स, राजकॉप सिटीजन ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया।
(पावटा न्यूज सर्विस से ओमप्रकाश शर्मा)