25/01/2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में कहा कि भारत की पारिवारिक व्यवस्था हमारी परंपरा का अहम हिस्सा है. उन्होंने यह भी बताया कि दुनिया के कई देश इस पारिवारिक व्यवस्था को बहुत सम्मान की नजर से देखते है.। पीएम मोदी ने कहा, 'भारत की पारिवारिक व्यवस्था हमारी परंपरा का एक अभिन्न अंग है. दुनिया के कई देशों में इसे बड़ी जिज्ञासा से देखा जाता है. कई देश ऐसी पारिवारिक व्यवस्थाओं को बहुत सम्मान देते हैं.'
उन्होंने हाल ही में भारत आए यूएई के राष्ट्रपति का जिक्र करते हुए कहा कि 2026 को 'परिवार वर्ष' के रूप में मनाने की उनकी पहल बहुत सराहनीय है. पीएम मोदी ने कहा, 'कुछ दिन पहले मेरे भाई, यूएई के राष्ट्रपति हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत आए थे. उन्होंने मुझे बताया कि यूएई 2026 को 'परिवार वर्ष' के रूप में मना रहा है. इसका मकसद लोगों के बीच मेलजोल और सामुदायिक भावना को मजबूत करना है. यह वाकई एक सराहनीय पहल है."