09/06/2026
स्वदेशी जागरण मंच का दो दिवसीय चिंतन शिविर: आत्मनिर्भर भारत पर मंथन
- अवध प्रांत के 13 जिलों से जुटेंगे 150 प्रशिक्षित कार्यकर्ता, स्वरोजगार और उद्यमिता पर होगा मंथन
- कैबिनेट मंत्री राकेश सचान होंगे मुख्य अतिथि, प्रख्यात शिक्षाविद् और विशेषज्ञ करेंगे मार्गदर्शन
रायबरेली। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलम्बी भारत अभियान, अवध प्रांत द्वारा 11 एवं 12 जून को गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर, रायबरेली में एक दो दिवसीय प्रांतीय विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को सारस होटल, रायबरेली में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों और विभिन्न सत्रों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्वदेशी जागरण मंच के अवध प्रांत संयोजक अमित सिंह वत्स ने बताया कि यह विचार मंथन एवं प्रशिक्षण वर्ग स्वदेशी जागरण मंच के मूल विषयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने वर्तमान समय में भारत को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं रोजगार सृजन में सक्षम बनाने के लिए स्वदेशी विचार को व्यवहार में उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी, उद्यमिता, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत के विषयों पर गंभीर चिंतन के साथ कार्यकर्ताओं का वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण करना है। इस वर्ग के माध्यम से समाज में स्वदेशी आधारित विकास मॉडल को लेकर जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा।
श्री सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में अवध प्रांत के सभी 13 जिलों से लगभग 150 प्रशिक्षित कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विश्वविद्यालयों के रिसर्च स्कॉलर्स, प्रोफेसर, शिक्षाविद्, स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, उद्यमिता एवं युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही स्थानीय उद्योगों के संवर्धन, रोजगार सृजन, आर्थिक स्वावलंबन तथा राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।12 जून को आयोजित सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह-संयोजक एवं मुख्य वक्ता डॉ. राजीव कुमार विशेष रूप से अपने विचार रखेंगे।
प्रशिक्षण वर्ग में डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल (अर्थशास्त्री एवं प्रोफेसर, लखनऊ विश्वविद्यालय), प्रो. राजकुमार मित्तल (अखिल भारतीय सह-संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच एवं कुलपति, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय), संदीप बंसल (अध्यक्ष, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं सह-संयोजक, स्वदेशी व्यापारी मंच), परम हर्ष मौर्य (जिला उद्योग अधिकारी, रायबरेली), बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ प्रबंधक, नरेश मीणा, अश्विनी ओझा जी (अधिवक्ता, इलाहाबाद उच्च न्यायालय) तथा राम कुमार दीक्षित (सहकार भारती) विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे तथा प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। जिला संयोजक अनुभव श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।