10/08/2026
कांवड़ यात्रा के बीच गांजा तस्करी का खुलासा, BJP के नामित सभासद रवि गुप्ता 10 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
बस्ती। कांवड़ यात्रा के बीच बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक रेस्टोरेंट से 10 किलो अवैध गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शनि कुमार उर्फ रवि गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रवि गुप्ता भाजपा से जुड़े नामित सभासद हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल से गांजा लाकर कांवड़ यात्रा के दौरान छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी में था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद रेस्टोरेंट में कार्रवाई की गई, जहां से 10 किलो गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से ₹1,200 नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिले में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।