23/05/2026
बेंगलुरु में ‘Cockroach Janata Party’ के नाम पर जुटान की अपील, पुलिस की चेतावनी
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी की है। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि “Cockroach Janata Party Karnataka” नाम से सोशल मीडिया पर एक संदेश फैलाया जा रहा है, जिसमें 24 मई 2026 को टाउन हॉल के सामने बड़ी संख्या में लोगों को “मानव श्रृंखला” बनाने के लिए बुलाया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम के लिए किसी भी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल ने अनुमति नहीं ली है और ना ही प्रशासन की ओर से कोई परमिशन दी गई है। साथ ही कार्यक्रम स्थल के उपयोग की अनुमति भी संबंधित प्राधिकरण से प्राप्त नहीं की गई है।
प्रेस नोट के मुताबिक, कर्नाटक हाई कोर्ट के 1 अगस्त 2022 के आदेश के अनुसार धरना, प्रदर्शन और रैली केवल फ्रीडम पार्क में ही आयोजित किए जा सकते हैं। ऐसे में टाउन हॉल के सामने इकट्ठा होना कोर्ट के आदेश का उल्लंघन माना जाएगा।
बेंगलुरु पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के संदेशों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर शेयर न करें और टाउन हॉल के पास एकत्र न हों।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।