18/05/2026
*जैन समाधि हॉस्पिटल में 86 मरीजों ने उठाया निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप का लाभ*
रतिया, बोबी गोस्वामी। शहर के जैन समाधि स्थित जैन समाधि हॉस्पिटल में हरे कृष्णा नेत्रालय टोहाना की ओर से आयोजित विशेष “डायबिटीज, थायराइड एवं ओबेसिटी केयर” निशुल्क जांच एवं परामर्श कैंप का रविवार शाम सफलतापूर्वक समापन हो गया। कैंप में क्षेत्र के करीब 86 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कैंप के दौरान मरीजों की शुगर, थायराइड, मोटापा सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
कैंप में दिल्ली के पूर्व मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल से जुड़ी प्रसिद्ध एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. काजल अल्लावधी ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी। इस दौरान ओपीडी पूरी तरह निशुल्क रही, जबकि शुगर टेस्ट, तीन माह की शुगर जांच तथा लिपिड प्रोफाइल जांच भी मुफ्त की गई। साथ ही मरीजों को दवाइयों पर विशेष छूट भी प्रदान की गई।
डॉ. काजल अल्लावधी ने कहा कि वर्तमान समय में गलत खानपान, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण डायबिटीज, थायराइड और मोटापे जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों को नियमित व्यायाम, सुबह-शाम सैर, संतुलित भोजन और समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जंक फूड, अधिक मीठे पदार्थ, तली हुई चीजें तथा अत्यधिक बैठकर काम करने की आदत से बचना बेहद जरूरी है।
उन्होंने महिलाओं में बढ़ रही पीसीओएस, अनियमित माहवारी और मोटापे की समस्याओं पर भी चिंता जताते हुए कहा कि समय रहते जांच और उपचार करवाने से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त नींद लेने, तनाव कम रखने और नियमित दिनचर्या अपनाने की भी सलाह दी।
कैंप के सफल आयोजन पर आयोजकों ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।