29/05/2026
इंडियन नेवी में सब लेफ्टिनेंट बने आशीष, गांव डहीना में खुशी की लहर
गांव डहीना निवासी ऑर्डनरी कैप्टन स्वर्गीय प्रताप सिंह खोला के पोते आशीष पुत्र अशोक कुमार के इंडियन नेवी में सब लेफ्टिनेंट बनने पर गांव व परिवार में खुशी का माहौल है। आशीष की इस उपलब्धि पर ग्रामीणों व परिजनों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
आशीष ने 12वीं कक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी तथा वर्ष 2022 में एनडीए परीक्षा पास कर भारतीय सेना में जाने का सपना पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया। उनकी ट्रेनिंग केरल स्थित ईझिमाला इंडियन नेवी अकादमी में हुई, जहां सफल प्रशिक्षण के बाद वे सब लेफ्टिनेंट बने।
ट्रेनिंग सेंटर में बेटे आशीष के कंधों पर स्टार लगते देख पिता अशोक कुमार और माता सुनीता देवी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बेटे को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आज उसने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है।
आशीष ने बताया कि सेना में जाकर देश सेवा करने की प्रेरणा उन्हें अपने दादा स्वर्गीय प्रताप सिंह खोला से मिली। उनका सपना था कि परिवार का कोई सदस्य सेना में रहकर देश की सेवा करे, जिसे उन्होंने पूरा किया।