18/05/2026
रोहतास जिले के पंचायतों में कल आयोजित होगा “सहयोग शिविर”
जन-समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासन पूरी तरह तत्पर
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सबका सम्मान – जीवन आसान” संकल्प के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से रोहतास जिले की विभिन्न पंचायतों में कल दिनांक 19 मई 2026 को “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी रोहतास श्रीमती उदिता सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने पंचायत क्षेत्र में आयोजित सहयोग शिविर में पहुँचकर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर पंचायत सरकार भवन अथवा निकटवर्ती सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे, जहाँ विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे। शिविर में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
डीपीआरओ आशीष रंजन ने बताया कि अकोढ़ी गोला के मुड़ियार पंचायत में जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार शिविर में मौजूद रहेंगे।
इसी प्रकार अकोढ़ीगोला प्रखंड के बिसेनी कला पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी निलेश कुमार, बिक्रमगंज के मानपुर पंचायत में डीसीएलआर संतोष कुमार, उगहनी पंचायत में जिला पंचायत राज पदाधिकारी अमृता ओशो गर्ग, दावथ के गिधा पंचायत में जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, डेहरी के पटपुरा पंचायत में वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप, दिनारा के लिलवछ पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज प्रभात कुमार, काराकाट के जयश्री पंचायत में सेटलमेंट पदाधिकारी नवीन कुमार, करगहर के करगहर पंचायत में डीसीएलआर अशोक कुमार, कोचस के लहेरी पंचायत में वरीय उप समाहर्ता विनीता कुमारी, नासरीगंज के परसिया पंचायत में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शशि शंकर, नौहट्टा के नौहट्टा पंचायत में नगर आयुक्त विकास कुमार, नोखा के चनकी पंचायत में उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, रोहतास प्रखंड के समुहता पंचायत में अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन, संझौली के चांदी इंग्लिश पंचायत में डीपीजीआरओ सुभाष कुमार, सासाराम के करूप पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नेहा कुमारी, शिवसागर के आलमपुर पंचायत में वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल तथा तिलौथू के चंदनपुरा पंचायत में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एमडी जफर हसन शिविर में मौजूद रहेंगे।
शिविर से संबंधित जानकारी हेतु राज्य सरकार द्वारा जारी निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 भी उपलब्ध है, जिस पर नागरिक सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
IRGS Portal