Tigercitynews

Tigercitynews Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from Tigercitynews, Media/News Company, Sawai Madhopur.

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में उत्साहपूर्वक मनाया विश्व बाघ दिवस   वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं प्रकृति सं...
29/07/2026

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में उत्साहपूर्वक मनाया विश्व बाघ दिवस

वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से अनेक कार्यक्रमों का आयोजन
सवाई माधोपुर 29 जुलाई। रणथम्भोर टाइगर रिजर्व में विश्व बाघ दिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उपवन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक प्रथम मानस सिंह ने बताया कि दिनभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मानस सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से आयोजित बाइक रैली से हुई। रैली के माध्यम से बाघ संरक्षण, वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों को रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के भ्रमण के माध्यम से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, जैव विविधता एवं संरक्षण कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों ने राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय का भ्रमण कर प्रकृति एवं वन्यजीवों से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन किया।

उपवन संरक्षक ने बताया कि विश्व बाघ दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसके अंतर्गत वन क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया।

उन्होने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “हरियालो राजस्थान” अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

मानस सिंह ने बताया कि बाघ दिवस के समापन पर राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय, सवाई माधोपुर में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के क्षेत्र निदेशक शारदा प्रताप सिंह, जिला कलेक्टर काना राम, पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी, उप वन संरक्षक (सवाई माधोपुर) सुनील कुमार एवं उप वन संरक्षक, रणथम्भौर टाइगर रिजर्व-I मानस सिंह ने सहभागिता करते हुए बाघ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों एवं आमजन से प्रकृति एवं वन्यजीवों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

संपूर्ण कार्यक्रम का सफल समन्वय सहायक वन संरक्षक (ACF) अजय द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उपवन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक प्रथम मानस सिंह ने कहा कि विश्व बाघ दिवस पर आयोजित इन विविध गतिविधियों के माध्यम से रणथम्भौर टाइगर रिजर्व ने बाघ संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का प्रभावी संदेश समाज तक पहुँचाया।

ए सी बी की धमाकेदार ट्रेप कार्यवाही एडीएम  जयपुर पूर्व का निजी सहायक एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तारजयपुर, 29...
29/07/2026

ए सी बी की धमाकेदार ट्रेप कार्यवाही
एडीएम जयपुर पूर्व का निजी सहायक एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जयपुर, 29 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने धमाकेदार कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर पूर्व) के निजी सहायक मुकेश कुमार को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी परिवादी की फर्म के सरकारी परीक्षाओं में वाहन उपलब्ध कराने के कार्य के बिल पास कराने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने बिलों का भुगतान कराने के बदले 1.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।

उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सिहाग के निर्देशन तथा पुलिस निरीक्षक देवेन्द्र प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में गठित ट्रैप दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष में परिवादी से 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार की शिकायतें टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

ए सी बी की धमाकेदार ट्रेप कार्यवाही अभियोजन अधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, जयपुर/सीकर, 25 जुलाई। भ्रष...
25/07/2026

ए सी बी की धमाकेदार ट्रेप कार्यवाही अभियोजन अधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,

जयपुर/सीकर, 25 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सीकर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय एसीजेएम नंबर-01, नीमकाथाना (जिला सीकर) में पदस्थापित सहायक निदेशक अभियोजन कौशल सिंह राठौड़ को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए जयपुर में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पुत्र के खिलाफ न्यायालय में विचाराधीन संगठित गिरोह से संबंधित मामले में अभियोजन पक्ष को कमजोर करने, धारा 111(4) एवं 308 बीएनएस, 2023 हटवाने तथा आरोपी के अधिवक्ता के विरुद्ध प्रभावी पैरवी नहीं करने के एवज में सहायक निदेशक अभियोजन कौशल सिंह राठौड़ ने 3.25 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। जांच में आरोपी द्वारा 3 लाख रुपये रिश्वत मांगने का सत्यापन हुआ। इसी क्रम में रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये जयपुर रेलवे स्टेशन के पास लेते समय एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

यह ट्रैप कार्रवाई एसीबी जयपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में सीकर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार, पुलिस निरीक्षक सुभाष मील तथा उनकी टीम ने अंजाम दी।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।

सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर फहराया तिरंगा, डीआरयूसीसी सदस्य हुसैन आर्मी की पहल लाई रंगसवाई माधोपुर, 24 ज...
25/07/2026

सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर फहराया तिरंगा, डीआरयूसीसी सदस्य हुसैन आर्मी की पहल लाई रंग

सवाई माधोपुर, 24 जुलाई। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर करीब ढाई वर्ष से बिना राष्ट्रीय ध्वज के खड़े पोल पर शुक्रवार को रेलवे प्रशासन ने तिरंगा फहराकर एक महत्वपूर्ण पहल को साकार किया। डीआरयूसीसी सदस्य एवं वतन फाउंडेशन के मुखिया हुसैन आर्मी द्वारा कोटा मंडल की डीआरयूसीसी बैठक में उठाई गई मांग पर रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कराया।

तिरंगा फहराने के अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य हुसैन आर्मी, पश्चिम रेलवे की सलाहकार समिति (जेडआरयूसीसी) के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा, स्टेशन प्रबंधक लोकेंद्र मीना, आरपीएफ निरीक्षक मानसिंह, रेलवे के ए डी ई एन दिगपाल सिंह, अतीश माहेश्वरी सीएमआई , पीडब्ल्यूआई राकेश मीना आई ओ डब्ल्यू अमित भारती व संजय मीणा सहित रेलवे एवं आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात हुसैन आर्मी की ओर से उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित कर इस अवसर की खुशी साझा की गई।

गौरतलब है कि गुरुवार को कोटा मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा की अध्यक्षता में आयोजित डीआरयूसीसी की 150वीं बैठक में सवाई माधोपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए हुसैन आर्मी ने रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर लंबे समय से खाली पड़े ध्वज पोल पर तिरंगा फहराने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। इसके साथ ही उन्होंने जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में जयपुर से सवाई माधोपुर तक सामान्य टिकट सुविधा शुरू करने, करोना काल में वरिष्ठ नागरिकों एवं अधिस्वीकृत पत्रकारों को पहले से मिल रही रेल किराए रियायत बंद कर दी गई है,उसको पुनः चालू करवाने ,करोना काल में ही बंद की गई मुंबई फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस को पुनः चालू करवाने सहित रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की भी मांग रखी थी।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्हीं निर्देशों की पालना में शुक्रवार को स्थानीय रेलवे प्रशासन ने सादे एवं गरिमामय समारोह के साथ स्टेशन के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मांग को अमलीजामा पहनाया। रेलवे प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

22/07/2026

उनियारा में लग्जरी गेस्ट हाउस पर पुलिस का छापा, जुआ खेलते 7 आरोपी गिरफ्तार

1.12 लाख रुपये नकद, स्विफ्ट डिजायर कार, मोटरसाइकिल और 8 मोबाइल जब्त, गेस्ट हाउस संचालक फरार

उनियारा, 22 जुलाई। टोंक जिले के उनियारा कस्बे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सवाई माधोपुर रोड स्थित एक लग्जरी गेस्ट हाउस में छापा मारकर ताश के पत्तों पर जुआ खेलते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 1 लाख 12 हजार 700 रुपये नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन तथा ताश की गड्डियां बरामद की गई हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार के निर्देशन तथा जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश एवं थाना प्रभारी ओम कंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से मनराज गुर्जर, ओमप्रकाश मीणा, राकेश प्रजापत, चेतराम मीणा, फिरोज, राजेंद्र माली एवं राधेश्याम माली को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए।

कार्रवाई के दौरान गेस्ट हाउस संचालक दीपक उर्फ सत्यनारायण साहू पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों एवं फरार गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ राजस्थान सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20/07/2026

रणथम्भौर बाघ परियोजना टीम की अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई
अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,चालक फरार

सवाई माधोपुर। रणथम्भौर बाघ परियोजना क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।

उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक (प्रथम) रणथम्भौर बाघ परियोजना मानस सिंह के निर्देशानुसार क्षेत्रीय वन अधिकारी, सवाई मानसिंह अभ्यारण्य फलौदी राजबहादुर मीना के नेतृत्व में नाका आमली-मल्लापुरा चाकल नदी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से बजरी भरते हुए पाए जाने पर उसे जब्त कर रेंज परिसर फलौदी लाया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया।

वन विभाग सूत्रों के अनुसार कार्रवाई में वनपाल रामकिशन गुर्जर, वनरक्षक गोविंद मीना, भगवान सिंह सहित वन विभाग की टीम ने भाग लिया। वन विभाग ने मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।

फलोदी टोंडरा क्षेत्र से बीती रात एक ओर तेंदुए का सफल रेस्क्यू वन विभाग टीम की सतत निगरानी से आमजन को मिली राहत -- मानस स...
18/07/2026

फलोदी टोंडरा क्षेत्र से बीती रात एक ओर तेंदुए का सफल रेस्क्यू

वन विभाग टीम की सतत निगरानी से आमजन को मिली राहत -- मानस सिंह

सवाई माधोपुर 18 जुलाई।

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की वन टीम ने फलोदी क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे रेस्क्यू एवं निगरानी अभियान के तहत 17 जुलाई 2026 की देर रात्रि एक और तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
उपवन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक प्रथम मानस सिंह ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से चौबीसों घंटे विशेष निगरानी एवं सघन गश्त की जा रही है, ताकि स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मानस सिंह ने बताया कि

वन विभाग की टीम ने वैज्ञानिक रणनीति, सतर्कता एवं धैर्य के साथ अभियान संचालित करते हुए कल देर रात एक ओर तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया।
इससे पूर्व एक दिन पहले दो तेंदुए रेस्क्यू किए गए थे।
वन विभाग टीम की इस कार्रवाई से फलोदी क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिली है तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से कम किया जा सका है।

सिंह ने बताया कि इस पूरे अभियान के दौरान सहायक वन संरक्षक (ACF) अजय, रेंज अधिकारी फलोदी राज बहादुर, नाका प्रभारी श्रीमती सुमन, जसकरण एवं रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की समस्त वन टीम ने दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए लगातार क्षेत्र में निगरानी, ट्रैकिंग एवं रेस्क्यू कार्य किया। मानस सिंह ने कहा कि टीम की त्वरित कार्यवाही, समर्पण एवं उत्कृष्ट समन्वय के कारण अभियान पूर्णतः सफल रहा ।

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी एवं त्वरित ढंग से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध रहेगा।

17/07/2026
वन विभाग की 24×7 सतर्कता से फलोदी टोडरा क्षेत्र से दो तेंदुओं का सफल रेस्क्यू,आमजन ने ली राहत की सांस सवाई माधोपुर, 17 ज...
17/07/2026

वन विभाग की 24×7 सतर्कता से फलोदी टोडरा क्षेत्र से दो तेंदुओं का सफल रेस्क्यू,आमजन ने ली राहत की सांस

सवाई माधोपुर, 17 जुलाई।

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व प्रशासन की त्वरित कार्रवाई एवं लगातार 24×7 निगरानी के परिणामस्वरूप फलोदी टोडरा क्षेत्र में लगातार हो रही तेंदुओं की आवाजाही के बीच दो तेंदुओं को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया।
उपवन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक प्रथम मानस सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से फलोदी टोडरा कस्बे में तेंदुओं की लगातार गतिविधि देखी जा रही थी, जिससे स्थानीय निवासियों में चिंता का वातावरण था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की वन टीम ने दिन-रात लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी। टीम द्वारा कैमरा ट्रैप, ट्रैकिंग एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी गई तथा पूरी सावधानी एवं वैज्ञानिक तरीके से अभियान संचालित किया गया।

उन्होने बताया कि वन विभाग टीम की अथक मेहनत, धैर्य एवं कुशल रणनीति के परिणामस्वरूप दोनों तेंदुओं को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। पूरे अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी गई।
मानस सिंह ने बताया कि
इस अभियान में सहायक वन संरक्षक (ACF) अजय, नाका प्रभारी श्रीमती सुमन, जसकरण तथा रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की संपूर्ण वन टीम ने दिन-रात निरंतर कार्य करते हुए उल्लेखनीय समर्पण एवं साहस का परिचय दिया। प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने बिना रुके लगातार निगरानी एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया, जिसके फलस्वरूप यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उपवन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Address

Sawai Madhopur
322021

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Tigercitynews posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share