09/08/2026
गुलेर के युवा अमनदीप शर्मा ने फिर बढ़ाया क्षेत्र का मान, अभिनेत्री मंदाकिनी के हाथों हुए सम्मानित
गोल्डन ओवेशन अवॉर्ड में मिला ‘बेस्ट मॉडल एवं ग्रूमर’ का सम्मान
कांगड़ा। गुलेर के युवा मॉडल एवं ग्रूमर अमनदीप शर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कांगड़ा में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेत्री मंदाकिनी के हाथों अमनदीप शर्मा को गोल्डन ओवेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान ‘बेस्ट मॉडल एवं ग्रूमर’ के रूप में प्रदान किया गया।
गुलेर, तहसील हरिपुर, जिला कांगड़ा के रहने वाले अमनदीप शर्मा मॉडलिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं। वह ‘Mr. Iconic Himachal’ का खिताब जीत चुके हैं तथा जालसा कांगड़ा सहित हिमाचल के कई मॉडलिंग एवं फैशन शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा वह कई सॉन्ग्स और म्यूजिक एल्बम्स में बतौर मॉडल भी काम कर चुके हैं।
अमनदीप को सम्मानित करने वाली अभिनेत्री मंदाकिनी हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं। वह सुपरहिट फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ के अलावा ‘डांस डांस’, ‘नसीबवाला’, ‘तेज़ाब’ और ‘शेष नाग’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। उनके हाथों सम्मान मिलना अमनदीप के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
ऐतिहासिक पहचान रखने वाला गुलेर कला, संस्कृति और साहित्य की दृष्टि से भी समृद्ध क्षेत्र रहा है। अमनदीप शर्मा का कहना है कि उनका सपना है कि वह अपने कार्यों के माध्यम से गुलेर और कांगड़ा की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाएं और अपनी जन्मभूमि का नाम रोशन करें।
अपनी सफलता का श्रेय अमनदीप शर्मा ने अपने माता-पिता और उनके दिए संस्कारों को दिया। उनका कहना है कि माता-पिता के आशीर्वाद, संस्कार और मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें लगातार आगे बढ़ने और नई उपलब्धियां हासिल करने का अवसर मिल रहा है। भविष्य में भी वह मॉडलिंग और ग्रूमिंग के क्षेत्र में मेहनत जारी रखते हुए गुलेर का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहते हैं।