22/08/2026
भगवानपुर हाट के सुघरी गांव में वीडियो कॉल पर बात कर रहे युवक की हत्या, चार हमलावरों पर साजिश का आरोप; दो संदिग्ध हिरासत में- News tv siwan
संवाददाता: नितिन कुमार तिवारी
सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सुघरी गांव में शुक्रवार की रात एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुघरी गांव निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रदीप की हत्या साजिश के तहत की गई है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप करीब 15 दिन पहले ही सूरत से अपने गांव लौटा था। वह तीन भाइयों में मंझला था। बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रदीप घर से कुछ दूरी पर एनएच किनारे बने सीमेंटेड बेंच पर बैठा था और नेपाल में रह रहे अपने दोस्त से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, इसी दौरान करीब चार युवक वहां पहुंचे। उन्होंने प्रदीप से रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। देखते ही देखते युवकों और प्रदीप के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने चाकू निकाल लिया।
प्रदीप ने घबराकर वीडियो कॉल पर मौजूद अपने दोस्त को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने दोस्त से कहा कि रास्ता पूछने के दौरान इन लोगों ने चाकू निकाल लिया है और उसे बचाने की कोशिश करे। इसके कुछ ही देर बाद वीडियो कॉल अचानक बंद हो गया।
बताया जा रहा है कि प्रदीप ने हमलावरों से बचने के लिए काफी संघर्ष किया। आरोप है कि बदमाश उसे घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ी की ओर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद भगवानपुर हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर युवक की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे की तलाश के पश्चात शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस को घटनास्थल के आसपास से मृतक और कथित हमलावरों के चप्पल मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कितने लोग शामिल थे, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
भगवानपुर हाट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सिवान भेज दिया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वीडियो कॉल के दौरान मृतक के दोस्त से हुई बातचीत को भी महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।
युवक की हत्या की खबर फैलते ही सुघरी गांव में मातम का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्रदीप की हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।