16/10/2026
सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ने के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, पुराने स्वास्थ्य केंद्र के पीछे पड़े मेडिकल कचरे की करवाई सफाई
रक्कड़ में खुले में बिखरे पड़े थे इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, ग्लूकोज की बोतलें और अन्य मेडिकल सामग्री
विनायक ठाकुर/जसवां:प्रागपुर
जसवां:प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते रक्कड़ बाजार में करीब 13 वर्ष पहले नए भवन में स्थानांतरित हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के पुराने भवन के पीछे खुले में पड़े मेडिकल कचरे का मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। विभाग ने संबंधित स्थान पर सफाई करवाकर वहां बिखरे पड़े मेडिकल कचरे को हटवा दिया है। इसकी जानकारी बीएमओ देहरा एवं डाडा सीबा डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने दी।
गौरतलब है कि पुराने स्वास्थ्य केंद्र के पीछे बड़ी मात्रा में इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, ग्लूकोज की बोतलें और अन्य स्वास्थ्य सामग्री खुले में बिखरी पड़ी थी। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता थी। लोगों का कहना था कि लंबे समय से पड़े इस मेडिकल कचरे का उचित निस्तारण नहीं किया गया, जिससे राहगीरों, बच्चों और पशुओं के लिए खतरा बना हुआ था।
हैरानी की बात यह थी कि पीएचसी के नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद पुराने भवन में कुछ समय तक पुलिस थाना और इसके बाद सीएसडी कैंटीन भी संचालित होती रही, लेकिन इसके बावजूद मेडिकल कचरे की समस्या पर लंबे समय तक ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मेडिकल कचरे के निस्तारण के लिए पुराने भवन के पीछे खड्डा भी बनाया गया था, लेकिन स्वास्थ्य सामग्री खुले में ही पड़ी रही।
बरसात के दौरान प्लास्टिक के बोरे गलने से उनमें रखी मेडिकल सामग्री बाहर बिखर गई थी। पुराने भवन के समीप ही श्री नरसिंह भगवान का प्राचीन मंदिर भी स्थित है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में खुले में पड़े इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन और अन्य मेडिकल सामग्री से किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी।
सोशल मीडिया पर मामला उठने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा सफाई करवाए जाने से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, इस मामले ने पुराने मेडिकल कचरे के सुरक्षित निस्तारण और जिम्मेदारी तय करने को लेकर सवाल खड़े किए हैं।