19/05/2025
माननीय सांसद श्री राजाराम सिंह द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दे
माननीय सांसद श्री राजाराम सिंह ने विभिन्न सार्वजनिक हित के मुद्दों पर चिंता जताई और आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए:
1. योजनाओं के चयन में पारदर्शिता की मांग:
सांसद महोदय ने योजनाओं के चयन को लेकर चिंता व्यक्त की और कहा कि योजनाओं के चयन के लिए एक स्पष्ट क्राइटेरिया बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनप्रतिनिधि जैसे मुखिया, विधायक, और सांसद योजनाएं प्रस्तुत करते हैं, इसलिए यह आवश्यक है कि योजनाओं के चयन हेतु एक नियम और प्रक्रिया तय की जाए।
2. स्कूलों के मर्जर पर आपत्ति:
सांसद महोदय ने स्कूलों के मर्जर पर सवाल उठाते हुए कहा कि मर्जर करने से बेहतर होगा कि स्कूलों के लिए अलग भवन का निर्माण कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सिहाड़ी विद्यालय (दाउदनगर प्रखंड) के भवन निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।
3. जम्होर थाना कांड संख्या 205/24 का मामला:
इस कांड का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें एक निर्दोष व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो न्यायसंगत नहीं है।
4. नट समुदाय के कब्रिस्तान की आवश्यकता:
सांसद महोदय ने नट समुदाय के लिए कब्रिस्तान की आवश्यकता जताई। उन्होंने बताया कि इस समुदाय में दफनाने की प्रथा है, इसलिए उनके लिए जल्द से जल्द कब्रिस्तान की व्यवस्था की जानी चाहिए।
5. अधिकारियों का जनप्रतिनिधियों के प्रति व्यवहार:
सांसद ने अधिकारियों के व्यवहार पर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें जनप्रतिनिधियों के साथ मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने दाउदनगर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के मार्केटिंग ऑफिसर ने एक जनप्रतिनिधि को धक्का दिया जिससे उनके पांव में फैक्चर हो गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए अनुचित बताया।
6. पुनपुन बराज (हमीद नगर) से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजा:
सांसद महोदय ने हमीद नगर पुनपुन बराज परियोजना से प्रभावित परिवारों को त्वरित मुआवजा देने की मांग की, ताकि उनके पुनर्वास और आजीविका की समस्या का समाधान किया जा सके।
7. नबीनगर NTPC से प्रदूषण और CSR फंड के उपयोग पर चिंता:
सांसद श्री राजाराम सिंह ने नबीनगर NTPC द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल वातावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि भूमिगत जल स्तर भी तेजी से नीचे जा रहा है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि CSR फंड के तहत जो योजनाएं जनता को दी जानी चाहिए, वे उचित रूप से नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने आग्रह किया कि अगली बैठक में NTPC के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि इन समस्याओं पर सीधा संवाद और समाधान हो सके।
GSA News INDIA