18/10/2026
पटियाली के ढकपुरा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, 11 घायल
लाठी-डंडे चले, फायरिंग की सूचना, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र के ग्राम ढकपुरा में रविवार दोपहर मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे चलने से 11 लोग घायल हो गए। घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग होने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, किसी के गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडे चलाते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद में प्रथम पक्ष के सात और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। प्रथम पक्ष से रमेश सिंह यादव, शैलेंद्र कुमार, नीरेश, आदेश, प्रियांशु, रेखा और संतोष कुमारी निवासी ग्राम ढकपुरा घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से अखण्ड प्रताप, प्रेमप्रताप, अमन प्रताप और हीर प्रताप निवासी नगला धाता, थाना राजा का रामपुर, घायल हुए हैं। सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि मारपीट के दौरान हुई घटनाओं और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
एसपी ओपी सिंह के अनुसार, मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। फायरिंग की सूचना की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही विवाद के कारणों और फायरिंग की सूचना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#पटियाली #कासगंज #ढकपुरा #मारपीट #खूनीसंघर्ष #यूपीपुलिस #कासगंजपुलिस #फायरिंग #क्राइमन्यूज #ब्रेकिंगन्यूज #उत्तरप्रदेश