07/04/2026
तुर्की के लिए झटका माने जा रहे कदम में इजरायल ने ग्रीस को PULS रॉकेट सिस्टम बेचने का समझौता किया है. यह एक घातक रॉकेट प्रणाली है और इजरायल के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को इसकी पुष्टि की. बयान के अनुसार, इजरायल ग्रीस को 750 मिलियन डॉलर में PULS रॉकेट आर्टिलरी सिस्टम उपलब्ध कराएगा. यही सिस्टम भारत ने भी इजरायल से खरीदा है, जिसे भारत में 'सूर्यास्त्र' नाम दिया गया है.
इजरायली रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस डील में कई लॉन्चर और रॉकेट शामिल हैं. इनकी मारक क्षमता 25 से 186 मील यानी करीब 40 से 300 किलोमीटर तक है. ग्रीस को PULS सिस्टम की यह पहली बिक्री है. यह प्रणाली अलग-अलग दूरी पर बिना गाइड वाले रॉकेट, सटीक गाइडेड गोला-बारूद और मिसाइल दागने में सक्षम है और इसे पहिए वाले और ट्रैक वाले प्लेटफॉर्म के साथ आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है.