28/07/2026
कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती व गोंडा पुलिस ने बनाई संयुक्त रूप से रणनीति
कस्बे में बड़ी संख्या में पुलिस बल द्वारा पैदल मार्च किया गया। इसके बाद बस्ती व गोंडा पुलिस ने संयुक्त रूप से बैठक कर श्रावण महीने में आयोजित होने वाले कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न करने के लिए रणनीति बनाई ।
जानकारी के अनुसार बभनान कस्बे की पुलिस चौकी में आयोजित बैठक में बस्ती जनपद की गौर और पैकोलिया थाने की पुलिस जबकि गोंडा जनपद के खोड़ारे और छपिया थाना की पुलिस मौजूद रही। इन चारों थाना के प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्षों ने पूरे बभनान कस्बे में पैदल मार्च किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि बभनान कस्बा के प्रमुख मार्गों, शिवालयों व संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी है।
सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सोशल मीडिया सेल द्वारा अफवाह फैलाने वालों और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस दौरान अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने व अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजान ने बताया कि कांवड़ को लेकर दोनों जनपद की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम करने के लिए पुलिस चौकी पर बैठक की गई