16/01/2026
महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में जहां बीजेपी ने जबरदस्त बढ़त बनाई हुई है. बीजेपी की इस सुनामी में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने बढ़िया प्रदर्शन किया है. एआईएमआईएम ने कई अहम शहरी इलाकों में अपनी राजनीतिक पकड़ दिखाई है. शाम 5 बजे तक आए रुझानों के अनुसार, AIMIM ने खासतौर पर मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ शहरों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है. रुझानों के मुताबिक, छत्रपति संभाजीनगर में AIMIM 24 सीटों पर आगे चल रही है. इसी तरह मालेगांव में पार्टी ने 20 सीटों पर बढ़त बना ली है, जहां उसका पारंपरिक आधार माना जाता है. नांदेड में AIMIM 14 सीटों पर आगे है, जबकि धुले में 10 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं. विदर्भ क्षेत्र के अमरावती में AIMIM ने 7 सीटों पर बढ़त हासिल की है. वहीं जालना नगर निगम में पार्टी 2 सीटों पर आगे चल रही है.