30/01/2026
जनता की समस्याओं के शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, अररिया द्वारा आज दिनांक 30.01.2026 को फुलकाहा थाना परिसर में पुलिस जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस जन-संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को पुलिस अधीक्षक महोदय तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फारबिसगंज द्वारा गंभीरता, संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्वक सुना गया। प्राप्त प्रत्येक शिकायत के निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थानाध्यक्ष, जोगबनी को आवश्यक एवं तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
इस जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य पुलिस-जन संवाद को और अधिक सुदृढ़ करना, नागरिकों में न्याय एवं सुरक्षा के प्रति विश्वास को मजबूत करना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक, अररिया द्वारा फुलकाहा थाना का संक्षिप्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अभिलेखों, लंबित मामलों, मालखाना, हाजत सहित प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इस क्रम में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनता-केंद्रित एवं संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।