03/09/2026
लालढांग क्षेत्र में आबादी में भागता दिखाई दिया भालू, वायरल हुआ वीडियो
हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र में गुलदार और हाथियों के बाद अब जंगली भालू दहशत का विषय बन गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन यूनिट से सटे गांव रसूलपुर के पास आज दिन दहाड़े भालू देखा गया है। आबादी के नजदीक की भालू की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और भालू को दूर जंगल में खदेड़ा गया। लोग पहले से ही गुलदार और हाथियों की दहशत में रहते हैं और अब भालू ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले भी लालढांग के ही पीली पड़ाव गांव के पास भी भालू नजर आया था। लालढांग क्षेत्र चारों ओर से जंगल से घिरा होने के कारण गुलदार, हाथी और अन्य जंगली जानवरों का आबादी क्षेत्र में आवाजाही लगी रहती है। आज रविवार को शाम को चार बजे के लगभग राजाजी टाइगर की रवासन चौकी से कुछ दूरी पर ग्रामीण नवीन चमोली के घर के पास भालू दिखाई दिया। भालू दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में आ गए। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने भालू को आबादी के पास घूमते देख मोबाइल से वीडियो बना ली। सोशल मीडिया पर भालू की वीडियो वायरल भी हो रही है। वायरल वीडियो में भालू भागता हुआ नजर आ रहा है और गांव के कुत्ते भी उसे देखकर लगातार भौंक रहे हैं। गांव में भालू आने की सूचना राजा जी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही रवासन यूनिट के रेंजर दीपक रावत तत्काल टीम लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने भालू को काफी मशक्कत के बाद राजाजी के जंगल की ओर खदेड़ दिया।