Sangam Varta

Sangam Varta Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from Sangam Varta, Media/News Company, Prayagraj, Allahabad.

*जुए की पुरानी फड पर पुलिस का दखल, पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एक्शन में आई लोकल पुलिस*फोटो कॉपी की दुकान में चल रहा था जुए...
26/08/2026

*जुए की पुरानी फड पर पुलिस का दखल, पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एक्शन में आई लोकल पुलिस*

फोटो कॉपी की दुकान में चल रहा था जुए का फड़, 12 गिरफ्तार

सिविल लाइंस पुलिस ने 1.88 लाख रुपये और 16 मोबाइल किए बरामद, कई आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं जुए के मुकदमे
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। सिविल लाइंस क्षेत्र में फोटो कॉपी की दुकान के अंदर जुए का फड़ चलाए जाने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने अम्बेडकर मूर्ति चौराहे के पास स्थित फोटो कॉपी की दुकान में छापा मारकर जुआ खेल रहे 12 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उक्त स्थान पर पहले भी जुए का फड़ लगने की जानकारी सामने आती रही है। कार्रवाई के दौरान मौके से 1.88 लाख रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन और 104 ताश के पत्ते बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अम्बेडकर मूर्ति चौराहे के पास फोटो कॉपी की दुकान के अंदर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी सिविल लाइंस रामाश्रय यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। दुकान के अंदर पुलिस को जुआ खेलते हुए 12 लोग मिले। पुलिस ने सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से दो सेट 52-52 ताश के पत्ते, फड़ पर लगाए गए 1.25 लाख रुपये तथा जामा तलाशी में 63 हजार रुपये बरामद हुए। इसके अलावा आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन भी मिले। इस तरह पुलिस ने कुल 1 लाख 88 हजार रुपये नकद बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णानंद यादव, उपेंद्र मणि त्रिपाठी, सुमित पाल, पवन कुमार गुप्ता, दीपक पाल, सर्वेश कुमार गुप्ता, फुरखान अहमद, मो. आदिल, नौशाद, मो. बादशाह, अदनान अहमद और अनिल सिंह शामिल हैं। इनमें प्रयागराज के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा कौशाम्बी का एक आरोपी भी शामिल है।
कई आरोपियों का पहले भी जुए से रहा है नाता
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले भी सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उपेन्द्र मणि त्रिपाठी के खिलाफ करेली और खुल्दाबाद थानों में जुए के मुकदमे दर्ज हैं। सुमित पाल के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में जुआ अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।
इसी तरह पवन कुमार गुप्ता के खिलाफ सिविल लाइंस और कैंट थाने में जुआ अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं। सर्वेश कुमार गुप्ता के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में, अदनान अहमद के खिलाफ जार्जटाउन थाने में और अनिल सिंह के खिलाफ धूमनगंज थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
*16 मोबाइल फोन भी मिले*
जुआ खेलने के दौरान मौके से बरामद 16 मोबाइल फोन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल जुए के फड़ के संचालन अथवा आपसी लेनदेन के लिए किया जा रहा था या नहीं।
मामले में थाना सिविल लाइंस में मु0अ0सं0 425/2026, धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
*पुलिस टीम*
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी रामाश्रय यादव, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मयंकधर द्विवेदी, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार व पारस यादव तथा कांस्टेबल धीरज कुमार, हरिगोपाल, बजरंगी, सूर्यप्रकाश, आयुष कुमार, शुभम कुमार, आजाद, राहुल कुमार साह, दीपांश राज वर्मा और आनंद कुमार शामिल रहे।

थरवई में 981 लीटर अवैध शराब बरामद, पिकअप छोड़कर चालक फरार*संगम वार्ता*प्रयागराज। थरवई पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त ट...
25/08/2026

थरवई में 981 लीटर अवैध शराब बरामद, पिकअप छोड़कर चालक फरार
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। थरवई पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कानपुर-वाराणसी हाईवे पर चेकिंग के दौरान अवैध शराब से लदी एक पिकअप बरामद की। पिकअप में कुल 109 पेटियों में 981 लीटर अवैध शराब मिली। पुलिस को देखकर चालक वाहन को चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि अवैध शराब लदी सफेद रंग की पिकअप कानपुर-वाराणसी हाईवे से गुजरने वाली है। सूचना पर थरवई पुलिस ने आबकारी विभाग को जानकारी देकर संयुक्त टीम के साथ कटियाही के पास हाईवे पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रुकने का इशारा किया गया। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
तलाशी के दौरान पिकअप से 750 एमएल की 552 बोतलें, 375 एमएल की 600 बोतलें और 180 एमएल की 1824 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने शराब के साथ घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP 32 KN 2432 को भी कब्जे में ले लिया।
बरामदगी के संबंध में थरवई थाने में मु0अ0सं0-215/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम व 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त व अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त गंगानगर व अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त थरवई के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में थरवई थाने के प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह, आबकारी निरीक्षक अभिषेक, राकेश कुमार त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय समेत पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

रक्तदान से जीवनदान तक: अग्रवाल युवा मंडल का 13वां मासिक रक्तदान शिविरसंगम वार्ताप्रयागराज। अग्रवाल युवा मंडल, प्रयागराज ...
23/08/2026

रक्तदान से जीवनदान तक: अग्रवाल युवा मंडल का 13वां मासिक रक्तदान शिविर
संगम वार्ता
प्रयागराज। अग्रवाल युवा मंडल, प्रयागराज की ओर से मानव सेवा एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर माह–रक्तदान अभियान’ के तहत रविवार को सिविल लाइंस स्थित ANHA Blood Bank में 13वां मासिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं समेत समाज के विभिन्न सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सेवा और समर्पण का संदेश दिया।
शिविर में राहुल अग्रवाल, समर्थ मित्तल, लव अग्रवाल, अजय कपूर एवं अविनाश श्रीवास्तव सहित अनेक लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम संयोजक सीए सचिन अग्रवाल एवं पूजा अग्रवाल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आभार जताया। रक्तदाताओं के लिए जलपान एवं स्मृति चिह्न की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में डॉ. निकुंज अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन जयंती-2026 के संयोजक सीए विनय गोयल, श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, हरिश्चंद्र अग्रवाल, आदेश गोयल, अंकित अग्रवाल, प्रमय मित्तल, अजय अग्रवाल एवं नवीन अग्रवाल सहित अनेक समाजबंधु मौजूद रहे।
अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद देने का संकल्प है। ‘हर माह–रक्तदान अभियान’ के माध्यम से नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि रक्तदान सीधे तौर पर किसी का जीवन बचाने से जुड़ी समाजसेवा है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने और अपने परिवार व मित्रों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
अग्रवाल युवा मंडल के सदस्यों आशुतोष गोयल, वैभव गोयल, तुषार गुप्ता, सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल एवं अंसल अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

*ग्रीनवुड के नाम पर बेच रहे थे नकली प्लाईवुड, 120 बोर्ड बरामद**कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर दुकान संचालक के खि...
22/08/2026

*ग्रीनवुड के नाम पर बेच रहे थे नकली प्लाईवुड, 120 बोर्ड बरामद*
*कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज*
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ग्रीनवुड कंपनी के नाम पर नकली प्लाईवुड बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि और पुलिस टीम ने स्टेनली रोड स्थित श्री श्याम प्लाई हाउस पर छापा मारकर ग्रीनवुड का नकली मार्का लगे 120 प्लाई बोर्ड बरामद किए। कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने दुकान संचालक सुनील अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी कृष्ण कुमार सिंह कोलकाता स्थित ग्रीनवुड कंपनी के वैधानिक प्रतिनिधि एवं तकनीकी विशेषज्ञ हैं। उन्हें कंपनी के नकली उत्पादों की पहचान करने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त है। कंपनी को सूचना मिली थी कि प्रयागराज में उसके पंजीकृत ब्रांड ग्रीनवुड के नाम पर नकली प्लाईवुड की बिक्री की जा रही है। सूचना की जांच के लिए कृष्ण कुमार सिंह अपने सहयोगी पिनाकी रंजन चटर्जी के साथ प्रयागराज पहुंचे।
स्टेनली रोड स्थित श्री श्याम प्लाई हाउस में नकली ग्रीनवुड प्लाई बेचे जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस उपायुक्त नगर को दी। पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर सिविल लाइंस थाने से उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी समीर और आरक्षी अभय कुमार की टीम कंपनी प्रतिनिधियों के साथ दुकान पर पहुंची।
पुलिस टीम ने दुकान के काउंटर पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुनील अग्रवाल पुत्र मदन लाल अग्रवाल बताया। उसकी मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ग्रीनवुड का नकली मार्का लगे 120 प्लाई बोर्ड बरामद हुए।
बरामद माल में 18 एमएम के 8×4 साइज के 90 प्लाई बोर्ड तथा 12 एमएम के 8×4 साइज के 30 प्लाई बोर्ड शामिल हैं। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने जांच के बाद बरामद प्लाई बोर्ड पर लगे ग्रीनवुड मार्का को नकली बताया। इसके बाद पुलिस ने सभी 120 बोर्ड कब्जे में लेकर थाने पहुंचाए।
कंपनी प्रतिनिधि की तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नकली प्लाईवुड की बिक्री और उसके स्रोत की जांच शुरू कर दी है।

साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिसकर्मियों की विशेष कार्यशालाHDFC बैंक विशेषज्ञों ने UPI फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग...
20/08/2026

साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिसकर्मियों की विशेष कार्यशाला
HDFC बैंक विशेषज्ञों ने UPI फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग समेत साइबर अपराधों की विवेचना के दिए टिप्स
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ऐसे मामलों की विवेचना को अधिक तकनीकी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कमिश्नरेट प्रयागराज में विशेष साइबर कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) एवं अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यशाला में HDFC बैंक की इन्वेस्टिगेशन टीम, लखनऊ के विशेषज्ञ पवन सिंह एवं प्रशांत सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को साइबर वित्तीय अपराधों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में पुलिस उपायुक्त अपराध/नोडल साइबर क्राइम की उपस्थिति में कमिश्नरेट के सभी थाना स्तरीय साइबर सेल के नोडल अधिकारियों एवं विवेचकों ने प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य साइबर वित्तीय अपराधों के बदलते तौर-तरीकों, डिजिटल फ्रॉड की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और बैंकिंग संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय के संबंध में पुलिसकर्मियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देना रहा।
HDFC बैंक विशेषज्ञों ने UPI फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, विशिंग, इंटरनेट बैंकिंग फ्रॉड, क्रेडिट-डेबिट कार्ड फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े अपराध, फर्जी कस्टमर केयर और निवेश संबंधी धोखाधड़ी समेत विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP), हेल्पलाइन 1930, संदिग्ध बैंक खातों की पहचान, लेन-देन की ट्रेल खंगालने, बैंक खातों पर त्वरित कार्रवाई तथा पीड़ित की धनराशि को सुरक्षित कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
विशेषज्ञों ने कहा कि साइबर अपराधों में शुरुआती समय में की गई कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण होती है। पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान एवं प्रभावी समन्वय से पीड़ित की रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है। कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों ने साइबर अपराधों की विवेचना के दौरान आने वाली तकनीकी और बैंकिंग संबंधी समस्याओं पर सवाल किए, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक समाधान बताया।
समापन अवसर पर HDFC बैंक के विशेषज्ञ पवन सिंह को उनके व्याख्यान के लिए प्रशंसा-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों एवं अभियोगों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक मामले में त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यशाला में कमिश्नरेट प्रयागराज के 150 से अधिक पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट में गूंजा देशभक्ति का स्वर, ‘क्या हम वास्तव में स्वतंत्र हैं?’ ने जगाई नई सोच*संगम वार्ता*प्रयागराज...
16/08/2026

सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट में गूंजा देशभक्ति का स्वर, ‘क्या हम वास्तव में स्वतंत्र हैं?’ ने जगाई नई सोच
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुश्री अवंतिका मनोहर ने ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की गौरवशाली विरासत तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर सुमिता, प्रधानाचार्या सिस्टर लिसी, उपप्रधानाचार्या सिस्टर नमिता, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में ‘क्या हम वास्तव में स्वतंत्र हैं?’ विषय पर विशेष सभा आयोजित की गई। प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक बुराइयों और मौजूदा दौर की उन चुनौतियों को रेखांकित किया गया, जो वास्तविक स्वतंत्रता के मार्ग में बाधा बनी हुई हैं।
चारों हाउस के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस की थीम पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। ग्रीन हाउस ने ‘फ्रीडम स्ट्रगल’ के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया। येलो हाउस ने ‘सेल्यूट टू ब्रेव हार्ट्स’ के माध्यम से देश के वीरों को श्रद्धांजलि दी। रेड हाउस ने ‘द सोल ऑफ इंडिया’ के जरिए भारतीय संस्कृति, परंपराओं और देशप्रेम की सुंदर झलक प्रस्तुत की। वहीं ब्लू हाउस ने ‘कल्चरल डायवर्सिटी ऑफ इंडिया’ के माध्यम से भारत की विविध संस्कृतियों और अनेकता में एकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान चारों हाउस के बीच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें ग्रीन हाउस ने ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि ब्लू हाउस प्रथम और रेड हाउस द्वितीय उपविजेता रहा।
मुख्य अतिथि सुश्री अवंतिका मनोहर ने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने तथा ईमानदारी, अनुशासन और एकता के साथ राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों को मिठाइयां वितरित की गईं। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गूंजता नजर आया। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता और देश की प्रगति के लिए समर्पण की भावना को और मजबूत किया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट में सादगी और गरिमा के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस*संगम वार्ता*प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में...
16/08/2026

इलाहाबाद हाईकोर्ट में सादगी और गरिमा के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह सादगीपूर्ण लेकिन गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाईकोर्ट के न्यायमूर्तिगण अपनी धर्मपत्नियों के साथ, पूर्व न्यायाधीश, महाधिवक्ता, अपर महाधिवक्ता, भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, अधिवक्तागण तथा न्यायालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के लिए हाईकोर्ट के सामने स्थित लॉन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह 8:45 बजे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ।
समारोह में सीआरपीएफ के बैंड दल ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
इसके बाद मुख्य न्यायाधीश तथा अन्य न्यायमूर्तियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हाईकोर्ट परिसर को तिरंगे की रोशनी से पूरी तरह सजाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

*सिख समाज की एकजुटता, शिक्षा और अधिकारों के लिए बनेगा ठोस रोडमैप*UPSGMC की बैठक में कमजोर वर्गों के उत्थान, युवाओं को रो...
16/08/2026

*सिख समाज की एकजुटता, शिक्षा और अधिकारों के लिए बनेगा ठोस रोडमैप*

UPSGMC की बैठक में कमजोर वर्गों के उत्थान, युवाओं को रोजगार-शिक्षा और पंथक अधिकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव*
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (UPSGMC) की आवश्यक बैठक रविवार को प्रयागराज में हुई। बैठक की शुरुआत बाबा राजिंदर सिंह आगरा वाले एवं ज्ञानी जनक सिंह ने गुरु महाराज के चरणों में पंथ की चढ़दी कला, समाज की एकता और सरबत के भले के लिए अरदास के साथ की। बैठक में सिख समाज की एकजुटता, शिक्षा, युवाओं के विकास, कमजोर वर्गों के उत्थान और पंथक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर मंथन कर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में बंजारा, सिकरी एवं रमैया सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। बाबा राजिंदर सिंह ने कहा कि इन बिरादरियों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। साथ ही ऐतिहासिक रूप से सिख पंथ की सेवा करने वाली रमैया एवं सिकरी सिख बिरादरियों की पहचान सुरक्षित रखने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

*निःशुल्क होगी जनरल मेंबरशिप और गुरुद्वारा रजिस्ट्रेशन*
UPSGMC अध्यक्ष स. हरविंदर सिंह लॉर्ड ने कहा कि कमेटी की जनरल मेंबरशिप के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। प्रदेश का कोई भी सिख भाई-बहन जनरल मेंबर के रूप में जुड़ सकता है। इसी तरह स्थानीय गुरुद्वारों का UPSGMC में रजिस्ट्रेशन भी पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कमेटी किसी गुरुद्वारे के आंतरिक मामलों, संपत्ति अथवा गोलक में हस्तक्षेप नहीं करेगी। कमेटी का उद्देश्य सरकार और संगत के बीच मजबूत सेतु के रूप में काम करना है।
धार्मिक भावनाओं के अपमान पर सख्त रुख
अध्यक्ष हरविंदर सिंह लॉर्ड ने कानपुर की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं के अपमान के मामलों में कमेटी की ‘नो टॉलरेंस पॉलिसी’ रहेगी। उन्होंने बताया कि संबंधित आरोपी की जमानत निचली अदालत से खारिज हो चुकी है और हाई कोर्ट में भी जमानत का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से श्री गुरु साहिबान और सिख धर्म के प्रति अपमानजनक भाषा के प्रयोग पर प्रभावी एवं सख्त कानून बनाने की मांग की।
शिक्षा को बताया समाज की प्रगति का आधार
बैठक के संयोजक एवं कोषाध्यक्ष स. हरजिंदर सिंह ‘विक्की’ ने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा को समाज की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को गुरबाणी, गुरमत और सिख इतिहास की शिक्षा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को शिक्षित और
संस्कारवान बनाकर ही समाज को मजबूत किया जा सकता है।
सिख युवाओं के लिए विशेष अवसरों की मांग
बैठक में पैरामिलिट्री फोर्सेज में सिख युवाओं के लिए विशेष कोटा, माइनॉरिटी सर्टिफिकेट की प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी करने तथा सरकार में सिख प्रतिनिधित्व बढ़ाने के प्रस्ताव रखे गए। स. निर्मल सिंह ने लखनऊ में जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग और सिविल सर्विसेज कोचिंग कार्यक्रम की जानकारी दी।
स. सुरेंद्र पाल सिंह बख्शी ने सिख युवाओं की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्पोर्ट्स कोटा और विशेष कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
सरकार को भेजा जाएगा समयबद्ध रोडमैप
जनरल सेक्रेटरी स. सुरेंद्र पाल सिंह बख्शी ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों को लेकर ठोस और समयबद्ध रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसके बाद इसे उत्तर प्रदेश एवं केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने सिख समाज की एकता, शिक्षा, सेवा और चढ़दी कला के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में अवतार सिंह छाबड़ा, सुदीप सिंह, सतनाम सिंह, हरि सिंह बबलू, बाबा सतनाम सिंह, राजेंद्र सिंह राजू, सतविंदर सिंह, त्रिलोक सिंह टुटेजा, जितेंद्र पाल सिंह, गुरशरण सिंह, रणवीर सिंह भसीन, संसार मनजीत सिंह, नवजित सिंह सहित विभिन्न जिलों के सिख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

11/08/2026

मेजा में ऑनलाइन सट्टेबाजी के अड्डे पर STF का छापा, चार गिरफ्तार
rolexpanel.win से चल रहा था खेल, फर्जी दस्तावेजों पर सिम और खातों के जरिए होता था लेनदेन
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। मेजा में मुर्गी फार्म की आड़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी का खेल चल रहा था। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने सोमवार देर रात छापा मारकर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी कराने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, 13 स्मार्ट मोबाइल फोन, 24 पैक्ड सिम कार्ड, क्यूआर कोड, साउंड बॉक्स, बैंक कार्ड, आधार कार्ड, रजिस्टर और 23 हजार रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में बृजेश कुमार सिंह उर्फ टीटू (26) निवासी शम्भूचक, मेजा, अभिषेक कुमार (20) निवासी वाराणसी, प्रिन्स कुमार उर्फ गौतम (20) निवासी उरूवा, मेजा और मितेश प्रधान (26) निवासी रायगढ़, छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
कार्रवाई 10 अगस्त की रात करीब 10 बजे ग्राम मिश्रपुर स्थित बृजेश कुमार सिंह के मुर्गी फार्म के पूर्वी हिस्से में की गई। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मेजा क्षेत्र में कुछ लोग rolexpanel.win वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का अवैध कारोबार कर रहे हैं। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
दूसरों के दस्तावेजों पर सिम, खातों से होता था खेल
पूछताछ में मुख्य आरोपी बृजेश सिंह ने कथित तौर पर बताया कि गिरोह पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहा था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर सिम कार्ड हासिल कर उन्हें सक्रिय करते थे। इन सिम से एयरटेल पेमेंट बैंक में खाते खुलवाकर यूपीआई आईडी और एम-पिन तैयार किए जाते थे।
किसी मोबाइल नंबर पर लेनदेन अधिक होने के बाद नंबर बंद या ब्लॉक हो जाता था तो दूसरा सिम सक्रिय कर लिया जाता था। अलग-अलग मोबाइल फोन और खातों के माध्यम से रकम का ऑनलाइन लेनदेन किया जाता था। सफल ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट संबंधित ऑनलाइन गेमिंग एडमिन के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे जाने की बात भी सामने आई है।
*क्यूआर कोड और सिम का जाल*
एसटीएफ ने आरोपियों के पास से 10 यूपीआई क्यूआर कोड स्टीकर, एक क्यूआर कोड स्टैंड और पांच क्यूआर कोड साउंड बॉक्स बरामद किए हैं। इसके अलावा 24 पैक्ड सिम कार्ड, पांच कागज में लिपटे सिम और चार खुले सिम भी मिले। टीम को तीन रजिस्टर और ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित 32 स्क्रीनशॉट भी मिले हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट पर सक्रिय रहने के साथ सट्टेबाजी से होने वाली रकम को सीधे अपने खातों में न मंगाकर दूसरे खातों में ट्रांसफर करता था। बाद में रकम को आपस में बांटा जाता था।
*आईटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा*
एसटीएफ की कार्रवाई के बाद थाना कोतवाली मेजा में मुकदमा अपराध संख्या 421/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 61(2), 112(2), 318(4), 319(2), 336(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य खातों, सिम कार्ड और ऑनलाइन नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

अतीक के बेटे उमर के काफिले पर मुकदमा, 28 वाहनों ने टोल बैरियर तोड़ा*संगम वार्ता*प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर ...
09/08/2026

अतीक के बेटे उमर के काफिले पर मुकदमा, 28 वाहनों ने टोल बैरियर तोड़ा
*संगम वार्ता*
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों के काफिले में शामिल 28 वाहनों के खिलाफ नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों ने टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ दिया और किसी भी वाहन के चालक ने टोल शुल्क का भुगतान नहीं किया।
असिस्टेंट टोल मैनेजर जेपी यादव की तहरीर पर नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहनों की पहचान की जाएगी और उनसे टोल की राशि वसूली जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह मामला अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उमर के काफिले के आने के दौरान हुआ। काफिले में शामिल कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होने की भी बात सामने आई है। पुलिस ऐसे वाहनों की पहचान और जांच कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
मामले के बाद टोल प्लाजा प्रबंधन और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काफिले में शामिल वाहनों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Address

Prayagraj
Allahabad
211001

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Sangam Varta posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share