19/02/2026
उन्नाव में व्यक्ति का शव बरामद, परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी
ख़बर उन्नाव से है जहां अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। परिजनों ने पड़ोसियों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मुन्नी लाल सोनकर (55) पुत्र मधुशंकर के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे और गांव में खेती-किसानी का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी प्रेम सुंदरी, तीन बेटे रामरत्न, सरवन और रत्नेश तथा तीन बेटियां अर्चना, ममता देवी और उमा शामिल हैं।
बता दे कि परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम को मुन्नी लाल अपने खेत में पानी लगाने के लिए घर से निकले थे। उनका खेत गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है। उनके साथ उनका बेटा सरवन भी खेत तक गया था। बताया गया कि सरवन इंजन चालू करने के लिए गया, जबकि मुन्नी लाल खेत की ओर बढ़ गए। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दिए तो परिवार को चिंता हुई। इसी दौरान बड़ा बेटा रामरत्न अपने पिता को खाना देने खेत पर पहुंचा, लेकिन वहां मुन्नी लाल नहीं मिले। काफी देर तक आसपास तलाश की गई। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद उनका शव खेत के पास नदिया किनारे पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि मुन्नी लाल की हत्या की गई है। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए कहा कि मुन्नी लाल को दो दिन पहले ही जान से मारने की धमकी मिली थी। परिवार का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। सूचना मिलने पर अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।