03/09/2026
“मेरा बेटा चला गया, अब उसे बदनाम मत करो…” — मोमीन की मां अमीना बेगम की दर्द भरी गुहार
परिवार का आरोप—डूबने से नहीं हुई मौत, मारपीट के बाद पानी में फेंके जाने की आशंका; निष्पक्ष जांच की मांग
प्रयागराज। एक मां ने अपना बेटा खो दिया। बेटे की मौत का गम अभी कम भी नहीं हुआ था कि उसके चरित्र और व्यवहार को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आने लगीं। मोहम्मद मोमीन पुत्र मुर्तुज़ा, निवासी जाहिराबाद, नैनी, प्रयागराज की मौत के मामले में परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मोमीन की मां अमीना बेगम का कहना है कि उनके बेटे की मौत को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब जांच के माध्यम से सामने आना चाहिए। भावुक होकर उन्होंने कहा, “मेरा बेटा चला गया, अब उसे बदनाम मत करो। अगर उसके खिलाफ कोई शिकायत या मुकदमा था तो सामने लाया जाए। बिना प्रमाण उसके ऊपर आरोप लगाना ठीक नहीं है।”
अमीना बेगम ने यह भी सवाल उठाया कि यदि उनके बेटे पर किसी को ब्लेड से घायल करने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, तो उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों और शिकायतों की भी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि बेटे की मौत के बाद उस पर आरोप लगाना आसान है, लेकिन एक मां से पूछिए कि अपने बेटे को खोने का दर्द क्या होता है।
परिवार ने जताई मारपीट के बाद पानी में फेंके जाने की आशंका
परिवार का गंभीर आरोप है कि मोमीन की मौत केवल डूबने से नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक, उसके शरीर पर गर्दन, कान और सिर के आसपास चोट के निशान दिखाई दिए हैं। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिवार को आशंका है कि उसके साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसे पानी में फेंका गया।
हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या थी और चोट के निशान किन परिस्थितियों में आए, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल एवं फोरेंसिक जांच और पुलिस विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिवार ने पुलिस कमिश्नर प्रयागराज और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की है। परिजनों की मांग है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल और फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ घटनास्थल, CCTV फुटेज, मोबाइल फोन तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाए। साथ ही मारपीट अथवा हत्या की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा जाए।
परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को फंसाना नहीं है। वे केवल यह जानना चाहते हैं कि मोमीन के साथ उसके जीवन के अंतिम समय में क्या हुआ और उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी।
एक मां अपने बेटे को वापस नहीं ला सकती, लेकिन वह अपने बेटे की मौत का सच जरूर जानना चाहती है।
अमीना बेगम की गुहार है— “हमें बदला नहीं चाहिए, न किसी को फंसाना है। बस मेरे बेटे की मौत का सच सामने आ जाए। मेरा बेटा वापस नहीं आएगा, लेकिन उसकी मौत का सच तो उसकी मां को मिलना चाहिए।
DST News/दैनिक संवाद टाइम्स न्यूज़