16/06/2026
*वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने नगर निगम में आयोजित शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण*
*शिविर में नागरिकों की परिवेदनाओं को सुनकर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश,*
*आवासीय पट्टों सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण पत्र,*
*आवासीय पट्टे व प्रमाण पत्र मिलने पर खिले आमजन के चेहरे,*
*जिला प्रभारी सचिव ने किया शिविर का निरीक्षण*
अलवर, 16 जून। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने मंगलवार को नगर निगम में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का निरीक्षण किया एवं आमजन की परिवेदनाओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिये तथा आवासीय पट्टों सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दस्तावेज वितरित किए।
वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे शिविर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल एवं सुगम तरीके से एक छत के नीचे उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर सरकार के प्रति नागरिकों के विश्वास और प्रशासन की पारदर्शिता को भी और मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्त्योदय की मूल भावना को चरितार्थ करने के लिए शहरी सेवा शिविर व ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि जागरूक रहकर इन शिविरों का न केवल स्वयं लाभ उठाएं बल्कि अन्य लोगों को भी लाभांवित कराने में सहयोग करें।
*5 घण्टे से अधिक सुनी आमजन की परिवेदनाएं*
शिविर में वन राज्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रातः 11 बजे पहुंचकर शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर नगर निगम आयुक्त सहित उनकी टीम के साथ शहर के नागरिकों की करीब साढे तीन बजे तक परिवेदनाओं को सुना। उन्होंने प्रत्येक फरियादी को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारी को मौके पर ही कार्य करने के निर्देश दिये। श्री शर्मा की मौजूदगी से जहां आमजन में उत्साह एवं विश्वास दिखाई दिया, वहीं नगर निगम की टीम ने त्वरित गति से आमजन के कार्यों को निस्तारित किए।
*लाभार्थियों के चेहरों पर आई मुस्कान, किये अनुभव साझा*
शिविर में वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा एवं जिला प्रभारी सचिव श्री रवि जैन ने लाभार्थियों को पट्टे एवं प्रमाण पत्र सौपे। पट्टे मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। पट्टे मिलने पर अलवर शहर निवासी पार्वती देवी, बीना गर्ग एवं योगेश शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मकान का पट्टा नहीं होने पर बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नगर निगम में आवास के पट्टे हेतु आवेदन करने पर नगर निगम के कार्मिकों ने सहयोग करते हुए बहुत सुगमता से हमारी फाईल तैयार करवाई तथा हमें कैम्प में आज वन राज्य मंत्री द्वारा हमारे आवास का पट्टा सौपा गया है। अब पट्टे के अभाव में किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पडेगा। राज्य सरकार द्वारा शिविर के माध्यम से पट्टा प्रदान कर हमारी परेशानी को दूर किया गया है।
*मात्र 2 घण्टे में मिला विवाह प्रमाण पत्र, दम्पति ने जताया आभार*
शिविर में आए अलवर शहर निवासी वैभव गुप्ता एवं उनकी पत्नी मनीषा महावर ने विवाह पंजीयन हेतु आवेदन किया। मात्र 2 घण्टे की प्रक्रिया में ही सभी आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति एवं प्रमाणीकरण कर दम्पति को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्रा सौंप दिया गया। दम्पति ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रारम्भ किए गए शहरी सेवा शिविर को त्वरित लाभ पहुंचाने वाला बताते हुए सरकार का आभार जताया। इसी प्रकार आवासीय पट्टे सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों ने कैम्प में मौके पर ही आसानी से काम होने पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान एडीएम प्रथम श्री योगेश डागुर, नगर निगम आयुक्त श्री सोहन सिंह नरूका सहित संबंधित अधिकारी एवं श्री संजय नरूका, श्री जितेन्द्र राठौड, श्री महेश निहालवानी, श्री दिनेश गुप्ता, पं. जलेसिंह, श्री सतीश यादव, श्री घनश्याम सोनी, श्री निलेश खण्डेलवाल सहित प्रबुद्ध व्यक्ति, जनप्रतिनिधिगण एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
----------------------------------------------------