07/08/2026
@इंडस्ट्रियल एरिया की सफाई अब नगर परिषद के जिम्मे, चारदीवारी जल्द पूरी करने के निर्देश : अनिल विज
अम्बाला छावनी, 7 अगस्त। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में उनके आवास पर इंडस्ट्रियल एरिया, अम्बाला छावनी की सफाई व्यवस्था को लेकर एचएसआईआईडीसी, नगर परिषद तथा उद्योगपतियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तय किया गया कि अब इंडस्ट्रियल एरिया की संपूर्ण सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर परिषद संभालेगी। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तत्काल प्रभाव से सफाई व्यवस्था अपने अधीन लेकर नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र के उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि उद्योग क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लेखनीय है कि अब तक इंडस्ट्रियल एरिया में सफाई को लेकर एचएसआईआईडीसी और नगर परिषद के बीच जिम्मेदारी को लेकर मतभेद था, जिसे इस बैठक में समाप्त कर दिया गया।
बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इंडस्ट्रियल एरिया की चारदीवारी निर्माण कार्य की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उद्योगपति सुभाष धीमान, कपिल वर्मा, महावीर जैन, प्रवीण जैन, सुभाष मित्तल सहित एचएसआईआईडीसी एवं नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित रहे।
— अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें