07/08/2026
आईएएस सचिन गुप्ता ने आज अंबाला के उपायुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।
अंबाला, 07 अगस्त :- अम्बाला के नवनियुक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शुक्रवार को अम्बाला उपायुक्त का कार्यभार संभाल लिया है। उपायुक्त कार्यालय अंबाला पहुंचने पर सीईओ जिला परिषद् गगनदीप सिंह, नगराधीश अभिषेक गर्ग, एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम सतींद्र सिवाच, एसडीएम शिवजीत भारती, आरटीए सुशील कुमार, संपदा अधिकारी नीलम मेहरा, डीएसपी विजय कुमार, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार, डीडीपीओ दिनेश शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इससे पहले उपायुक्त को यहां पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
यहां बता दें कि नवनियुक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता इससे पहले रोहतक में उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे, स्थानांतरण के उपरांत उन्होंने आज अंबाला के उपायुक्त के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। उपायुक्त ने इस मौके पर अधिकारियों से जिले में चल रहे विकास कार्यो की प्रगति के साथ-साथ एसआईआर की प्रगति भी जानी। इस मौके पर उन्होनें हर घर तिरंगा अभियान, स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर किए जाने वाले कार्यो एवं तैयारियों की रूपरेखा बारे भी जानकारी हासिल की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने जल भराव मुक्त एवं गड्ढामुक्त सडक़ों, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढीकरण, जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा पारदर्शिता, संवेदनशील एवं जन-केन्द्रित प्रशासन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इस मौके पर आरटीए सुशील कुमार, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी शीशपाल, जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा, जिला खजाना अधिकारी सुनीता गोस्वामी, बीडीपीओ जोगेश कुमार, बीडीपीओ किन्नी गुप्ता, कार्यकारी अभियन्ता संदीप कुमार के साथ-साथ अन्य अधिकारीगण मौजूद रहें।