10/09/2026
एनएच-45 के बड़गांव पुल का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
पुल के एक हिस्से का बेस क्षतिग्रस्त, सुरक्षा के मद्देनजर आवागमन वन-वे किया गया
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम ने अमरकंटक-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 पर ग्राम बड़गांव के समीप स्थित पुल का निरीक्षण किया। टीम ने पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक जांच की।
निरीक्षण के दौरान पुल के एक तरफ का बेस क्षतिग्रस्त होता पाया गया। पुल के प्रभावित हिस्से की स्थिति को देखते हुए वहां से वाहनों के आवागमन में अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक माना गया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
सुरक्षा की दृष्टि से पुल के प्रभावित हिस्से पर स्टॉपर लगाकर आवागमन वन-वे कर दिया गया है। इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि पुल से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीम द्वारा मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से मौके पर लगाए गए सुरक्षा संकेतों और यातायात व्यवस्था का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक आवागमन करने की अपील की है।