23/08/2026
प्रदेश के बेसिक स्कूलों में मिड-डे मील बनाने वाले करीब 3.53 लाख रसोइयों को अब हर महीने 2000 रुपये के बजाय 3000 रुपए मानदेय मिलेगा। यूपी कैबिनेट ने शनिवार को बाई-सर्कुलेशन यह फैसला किया, जिसके बाद इसका शासनादेश भी जारी हो गया। इसके अलावा छह और प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके तहत राज्य सरकार ने मातृत्व अवकाश के लिए बच्चों की उम्र के अंतर की बाध्यता भी खत्म कर दी है।
मातृत्व अवकाश के नियमों में बदलाव
मातृत्व अवकाश के लिए अब तक दोनों बच्चों की उम्र में दो साल के अंतर की बाध्यता थी। बीते दिनों इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक महिला कर्मचारी की याचिका पर सुनवाई करते हुए इसे गलत बताया था। याचिका में कहा गया था कि मातृत्व अवकाश केवल इस आधार पर खारिज कर दिया गया क्योंकि दो बच्चों की उम्र में दो साल का अंतर नहीं है। इस पर कोर्ट ने महिलाकर्मी का मातृत्व अवकाश स्वीकृत करते हुए उसे सभी परिणामी लाभ भी देने का आदेश दिया था, जिसके बाद सरकार ने नियमों में बदलाव किया है।