22/11/2025
अतरौलिया मुठभेड़: 25 हज़ार का इनामी पशु तस्कर करीम गोली लगने से गिरफ्तार
संवाददाता: रबीन्द्र नाथ गुप्ता
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और प्रतिबंधित पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें 25 हजार रुपये का इनामी तस्कर करीम पुत्र मकसूद अहमद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी आरिफ अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार होने में सफल रहा।
मुठभेड़ सुबह लगभग 4:08 बजे सुखीपुर अंडरपास के पास गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर उस समय हुई, जब अतरौलिया पुलिस नियमित रात्रि गश्त कर रही थी। पुलिस ने दूर से आती मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का संकेत दिया, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें करीम घायल हो गया।
घटना स्थल से पुलिस ने एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा प्रतिबंधित मांस की बिक्री से कमाए गए 3,200 रुपये बरामद किए। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा गया।
पूछताछ के दौरान करीम ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और वध की घटनाओं में शामिल रहा है। उसने यह भी खुलासा किया कि 8–9 नवंबर की रात उसके गिरोह ने ग्राम गोरथानी में राजू पुत्र हरिराम के बाड़े का ताला तोड़कर दो प्रतिबंधित पशुओं का वध किया था। सिर और अन्य अवशेष वहीं छोड़कर बाकी मांस को सफेद रंग की कार से ले जाया गया था, जिसे बाद में बेचा गया।