20/01/2026
आजमगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां आम आदमी पार्टी ने काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को हुए नुकसान को लेकर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की है।
रिपोर्ट:
आम आदमी पार्टी आजमगढ़ इकाई की ओर से महामहिम राष्ट्रपति को एक औपचारिक पत्र भेजा गया है। इस पत्र में काशी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट पर स्थित प्राचीन शिव एवं अन्य धार्मिक मंदिरों के कथित ध्वस्तीकरण पर गहरी चिंता जताई गई है।
पार्टी का कहना है कि मणिकर्णिका घाट न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। ऐसे पवित्र स्थलों को नुकसान पहुंचाया जाना भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह कार्रवाई किसी विदेशी आक्रांता के समय की नहीं, बल्कि वर्तमान समय में हुई है, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। आम आदमी पार्टी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से इस मामले में अब तक किसी स्पष्ट जवाब या कार्रवाई के न होने पर भी सवाल उठाए हैं।
मांगें:
आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति से मांग की है कि—
मणिकर्णिका घाट पर क्षतिग्रस्त सभी प्राचीन मंदिरों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए।
इस ध्वस्तीकरण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल के साथ बिना जनसहमति और धार्मिक संस्थाओं की अनुमति के किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
आउट्रो:
फिलहाल यह देखना अहम होगा कि राष्ट्रपति भवन और सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं। यह मामला धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा हुआ है।
रिपोर्टर: अम्बिका कुमार आज़ाद
लोकेशन: आजमगढ़ जिला अधिकारी कलेक्ट्रेट भवन