05/06/2026
बबराला के निकट खेरेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में स्थित एक मजार को प्रशासन ने शुक्रवार दोपहर को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमींदोज करा दिया। जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने किया।
सुबह से ही क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बड़ी संख्या मौके पर तैनात रही। प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर ने कार्रवाई शुरू की और लगभग 15 मिनट के भीतर पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया तथा आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। डीएम अंकित खण्डेलवाल ने बताया कि कार्रवाई नियमानुसार की गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा ।