26/07/2026
ट्रेन पकड़ने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, घर का इकलौता बेटा था; साथी की हालत गंभीर
बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेन पकड़ने जा रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और रोज़गार की तलाश में वाराणसी जाने के लिए घर से निकला था।
जानकारी के अनुसार, मालीपुर गांव निवासी शनि कुमार (19) पुत्र अक्षय लाल राम अपने साथी उपेंद्र कुमार (25) पुत्र शिवमुनी के साथ बाइक से बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। रात करीब 10 बजे जमुआंव पेट्रोल पंप के पास बेल्थरारोड की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन (ट्रेलर) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों को इलाज के लिए मऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में इंदारा रेलवे क्रॉसिंग के पास शनि कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, उपेंद्र कुमार का मऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, शनि कुमार परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मां का करीब सात वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार में पिता अक्षय लाल राम के अलावा दो बहनें गुड़िया और अंजली हैं। पिता मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण शनि शनिवार को काम की तलाश में वाराणसी जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस हादसे में शामिल वाहन की तलाश में जुटी है।