28/05/2026
बलिया में गंगा दशहरा और बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह खुद सड़कों पर उतर गए। भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में रूट मार्च और पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों, मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की सघन चेकिंग की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता और धर्मगुरुओं से बातचीत कर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि किसी भी तरह की अफवाह, उपद्रव या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान, सिटी मजिस्ट्रेट और विभिन्न थानों की पुलिस टीम भी मौजूद रही। शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च कर लोगों को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा अलग-अलग थानों में पीस कमेटी की बैठकें भी की जा रही हैं। इन बैठकों में धर्मगुरुओं, सामाजिक लोगों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है।
बलिया में बढ़ी पुलिस सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों में भरोसा भी दिखाई दिया। बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस की लगातार मौजूदगी से लोगों ने राहत महसूस की। प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शरारती तत्व को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।