18/05/2026
बलरामपुर में पेट्रोल-डीजल महंगाई और NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
बलरामपुर में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और NEET पेपर लीक के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह धरना प्रदर्शन वीर विनय चौराहा, बलरामपुर पर जिलाध्यक्ष शिव लाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे को जाम कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा बढ़ती महंगाई और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, वहीं NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
मौके पर तहसीलदार सदर बलरामपुर को बुलाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष शिव लाल ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।