04/10/2026
सड़क हादसे में गंभीर घायल वरिष्ठ पत्रकार रजनीश सक्सेना की हालत नाजुक, छह दिन बाद भी नहीं आया होश
हिन्दुस्तान दर्पण खबर 24
सुमित शर्मा
बरेली। समाज की आवाज को कलम की ताकत से शब्दों में पिरोने वाले जागरण समूह के वरिष्ठ पत्रकार रजनीश सक्सेना इन दिनों जिंदगी की जंग से संघर्ष कर रहे हैं। बीते सोमवार की देर रात कार्यालय से काम निपटाकर घर लौटते समय हुए भीषण सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे को छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें होश नहीं आया है। भोजीपुरा स्थित श्रीराम मूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और उन्हें बेहतर उपचार देने में जुटी है।
रजनीश सक्सेना के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से उनके परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है। वहीं बरेली के पत्रकार जगत में भी मायूसी का माहौल है। पत्रकार साथी, मित्र, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
पुलिस लाइन ओवरब्रिज पर हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब 12 बजे रजनीश सक्सेना रोजाना की तरह अपना कार्यालयी काम पूरा करने के बाद बाइक से सुभाषनगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। वह पुलिस लाइन के पास स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रजनीश सक्सेना बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही अचेत हो गए। देर रात सड़क पर हुए हादसे के बाद कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने घायल पत्रकार को संभालने का प्रयास किया।
साथी पत्रकार अभिनव सिंह ने दिखाई संवेदनशीलता
हादसे के बाद घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रजनीश सक्सेना के लिए समय पर मिली मदद बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई। इसी दौरान 'हिंदुस्तान' अखबार के वरिष्ठ रिपोर्टर अभिनव सिंह वहां से गुजर रहे थे। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखकर जब उन्होंने पास जाकर देखा तो वह अपने पत्रकार साथी रजनीश सक्सेना को पहचान गए।
अभिनव सिंह ने बिना देर किए घटना की सूचना पुलिस को दी और राहगीरों की मदद से घायल रजनीश सक्सेना को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। समय रहते मिली मदद के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पत्रकार साथियों का कहना है कि हादसे के बाद अभिनव सिंह ने जिस तत्परता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया, वह सराहनीय है।
सिर में गंभीर चोट, छह दिन बाद भी नहीं आया होश
हादसे के बाद से रजनीश सक्सेना का इलाज भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। वह आईसीयू में भर्ती हैं। परिजनों ने बताया कि हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें अब तक होश नहीं आया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर निगरानी रखे हुए है।
हादसे के छह दिन बाद भी उनके होश में नहीं आने से परिवार के लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिजन अस्पताल में उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं। हर गुजरते दिन के साथ परिवार और करीबी लोगों की नजर डॉक्टरों की ओर टिकी हुई है।
पत्रकार जगत में चिंता, जल्द स्वस्थ होने की हो रही प्रार्थना
रजनीश सक्सेना के हादसे की खबर सामने आने के बाद से बरेली के पत्रकारों में चिंता का माहौल है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में कार्यरत पत्रकार लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। कई पत्रकार साथी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मिले और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और उनके परिचित भी लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पत्रकार साथियों का कहना है कि रजनीश सक्सेना लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
इस समय हर किसी की नजर उनके स्वास्थ्य पर टिकी है। परिवार, पत्रकार साथी और शुभचिंतक ईश्वर से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि रजनीश सक्सेना जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार और पत्रकार साथियों के बीच वापस लौटें।
#बरेली #पत्रकार #रजनीशसक्सेना #सड़कहादसा #पत्रकारिताजगत #वरिष्ठपत्रकार #सुमितशर्मा #हिन्दुस्तानदर्पणखबर24