28/08/2026
LEADER POST Breaking
गुटबाजी पर चला शुभलेश का ‘चाबुक’
सपा जिलाध्यक्ष ने चेताया - धार्मिक आयोजनों में पार्टी का कैंप लगे दावेदारों का नहीं
कहा - इच्छा है संदेश ठीक जाये
बरेली। पार्टी बड़ी या प्रत्याशी - अंदरखाने लगभग हर पार्टी इस सवाल से जूझती है। यह अलग बात है कि इस पर कभी खुलकर चर्चा नहीं होती। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव की एक पोस्ट ने इस पर चर्चा आम कर दी है। बरेली शहर में ईद उल मिलाद उन नवी का जूलूस बहुत बड़ा निकाला जाता है। जूलूस का ज्यादातर हिस्सा कैंट विधानसभा से होकर गुजरता है जो इन दिनों सपा के लिए हॉटकेक सीट है। यहां दावेदारों की उछलकूद भी सबसे ज्यादा है। सपा जिलाध्यक्ष ने इशारों इशारों में दावेदारों की पीठ पर अनुशासन का चाबुक चलाया है। शब्द सरल हैं मगर संदेश कड़ा। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा है कि उनकी इच्छा है कि धार्मिक आयोजनों में पार्टी का कैंप लगे दावेदारों का नहीं लेकिन अध्यक्ष की इच्छा ही निर्देश होती है, यह तो सब जानते समझते ही हैं।
मामले की थोड़ा सा तह में चलते हैं। कल शहर में ईद उल मिलाद उन नवी का जुलूस निकला। शहर की परंपराओँ के मुताबिक यह जुलूस बेहद भव्य तरीके से निकलता है। जोरदार सजावट होती है। अंजुमनें अलग अलग रास्तों से आती हैं और सिविल लाइंस में आकर उनके रास्ते एक ही हो जाते हैं। बीते चुनावों के आंकड़े आने वाले विधानसभा के चुनावों में कैंट की सीट को सपा के लिए सबसे मुफीद बता रहे हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी में यहां टिकट का घमासान भी सबसे ज्यादा है। दावेदार समझ रहे हैं कि थोड़ी सी मेहनत और कैंट की घुमावदार सड़कें उनको सीधे विधानसभा तक पहुंचा सकती हैं। ऐसा ही कुछ सोच समझकर कैंट के कई दावेदार सड़क पर उतरे। सभी ने अलग अलग अपने अपने कैंप लगाये। पूर्व सांसद प्रवीन सिंह ऐरन, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, इंजीनयर अनीस अहमद, डा. अनीस बेग, पार्षद राजेश अग्रवाल समेत सपा के जितने भी प्रमुख दावेदार हैं लगभग सभी ने जुलूस का स्वागत किया और उनके कैंप्स में खासी भीड़ भी जुटी। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी और सपा के जिम्मेदार नेताओँ की पूरी टीम जुलूस में घूमी भी और सभी के कैंप में भी गई।
सब कुछ देख समझकर जो नतीजा निकला वह आज फेसबुक पर दिखाई दिया। दोपहर में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव की एक पोस्ट सार्वजनिक हुई, जिसमें उन्होंने कहा - हमारी यह इच्छा है कि आगे से कोई भी जुलूस या धार्मिक आयोजन हो तो टिकट चाहने वाले दावेदारों के अलग अलग कैंप ना लगाकर पार्टी संगठन की ओर से केवल एक ही कैंप लगाया जाये। जिसमें सभी नेता और दावेदार शामिल हों। इस विषय में महानगर अध्यक्ष से वार्ता करके अंतिम निर्णय लिया जायेगा। जिलाध्यक्ष ने साफ किया कि अलग अलग कैंप होने से पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने अक्सर धर्मसंकट खड़ा हो जाता है कि वह कहां शामिल हों। कल को जब किसी का टिकट हो जाता है तो फिर दूसरे दावेदार के कैंप में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओँ पर प्रत्याशी के समर्थक अक्सर उंगली उठाने लगते हैं जिससे वह असहज होते हैं और मनमुटाव भी होता है।
शुभलेश यादव की इस इच्छा को समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पसंद कर रहे हैं। यह अलग बात है कि अपनी ताकत दिखाने को उतारू कुछ दावेदारों के चेहरे जरूर उतर गए हैं। इस संबंध में जब सपा जिलाध्यक्ष से बात की गई तब उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी राय सभी के सामने रखी है, जो फैसला होगा सभी से राय मश्विरे के बाद किया जायेगा।
Shubhlesh Yadav Shamim Khan Sultani
Pawan Saxena Mukesh Tiwari