19/07/2026
🚨 नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य का गोगामेड़ी, भादरा व भिरानी थानों का निरीक्षण
भादरा, 19 जुलाई। नव नियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने रविवार को गोगामेड़ी, भादरा एवं भिरानी थानों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नेठराणा में अभिषेक शर्मा हत्याकांड के घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की प्रगति की समीक्षा की और निष्पक्ष व त्वरित जांच के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर, नशा तस्करों एवं संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुधार, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, हवालात, रिकॉर्ड, पुलिस मैस, जब्त वाहनों एवं एचएम कार्यालय का निरीक्षण कर 1930 साइबर पोर्टल, सीसीटीवी नेटवर्क तथा अन्य ऑनलाइन पुलिस पोर्टलों की जानकारी ली। साथ ही साइबर एवं यातायात हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस कर्मियों से संवाद करते हुए एसपी ने आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार, नियमित गश्त, मजबूत बीट व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया।
गोगामेड़ी थाना में आगामी गोगामेड़ी मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं भिरानी थाना में अंतरराज्यीय सीमा पर नाकाबंदी, गश्त और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी, वृत्ताधिकारी सुभाष पूनिया, गोगामेड़ी थाना प्रभारी जयप्रकाश, भादरा थाना प्रभारी राधेश्याम थालोड़, भिरानी थाना प्रभारी मदन बिश्नोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
📍 Voltage News | भादरा-नोहर की हर बड़ी खबर
#हनुमानगढ #भादरा Hanumangarh Police Rajasthan Police