10/08/2026
शिवपुरी-कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दो आदतन अपराधियों को जिलाबदर किया है और शिवपुरी जिले तथा उसके समीपवर्ती जिलों की सीमा से छह माह के लिए बाहर जाने के निर्देश दिए है।
आदतन अपराधी अरुण परिहार पुत्र राजपाल सिंह परिहार उम्र 36 साल निवासी ग्राम श्रीपुर चक्क थाना बदरवास एक आदतन अपराधी है जिस पर वर्ष 2008 से अभी तक विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। इसी प्रकार आदतन अपराधी रावसाहब लोधी पुत्र सीताराम लोधी, उम्र 25 साल निवासी ग्राम बदनपुर थाना पिछोर एक आदतन अपराधी है जिस पर वर्ष 2021 से अभी तक विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध है। उक्त अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों से शांति व्यवस्था प्रभावित होती है तथा किसी भी दिन गंभीर घटना घटित हो सकती है।
आदतन अपराधियों को शिवपुरी एवं उसके आस-पास के जिलों ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया, गुना की सीमा के भीतर से 6 माह के लिये जिला बदर किया है। जिलाबदर की अवधि में जिस-जिस स्थान पर निवास करेगा, उसकी लिखित सूचना प्रतिमाह रजिस्टर्ड डाक से संबंधित थाने को आवश्यक रूप से देना होगी तथा वहां के थाना प्रभारी तत्संबंधी रिकार्ड संधारित करेंगे।
यदि जिलाबदर अपराधी के विरुद्ध इन जिलों के किन्हीं न्यायालयों में मामले प्रचलित हों, तो उस मामले में वह स्वयं की उपस्थिति के लिए पेशी के दिन इन जिलों के न्यायालय में आ जा सकेगा, परंतु इसके पूर्व संबंधित थाना प्रभारी तथा संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक को सूचना देना अनिवार्य होगा।