Bhiwani Times

Bhiwani Times भिवानी शहर की हर खबर आप तक

07/09/2026

अंग्रेजों की जेल में चलाई चक्की, किसानों को किया संगठित... भिवानी में कांग्रेस द्वारा याद किए गए पंडित नेकीराम शर्मा

07/09/2026
07/09/2026

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ मेन बाजार में अचानक एक पेंट की दुकान में भीषण आग लगी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

पावर ग्रिड के विरोध में अन्नदाताओं का धरना जारी, अखिल भारतीय किसान सभा ने दिया समर्थनमुआवजे और ज़मीन अधिग्रहण की नीति मे...
07/09/2026

पावर ग्रिड के विरोध में अन्नदाताओं का धरना जारी, अखिल भारतीय किसान सभा ने दिया समर्थन
मुआवजे और ज़मीन अधिग्रहण की नीति में बदलाव होने तक जारी रहेगा संघर्ष : ईश्वर बागनवाला
भिवानी, 07 सितंबर : कस्बा तोशाम स्थित एसडीएम कार्यालय के समक्ष पावर ग्रिड किसान संघर्ष समिति के बैनर तले जारी धरने पर किसानों का धरना लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को भी किसानों का धरना जारी रहा। इस दौरान धरने को समर्थन देने अखिल भारतीय किसान सभा से कामरेड ओमप्रकाश के नेतृत्व में अन्य पदाधिकारी पहुंचे तथा सरकार की किसान विरोधी नीतियों की जमकर आलोचना की। इस मौके पर धरने की अध्यक्षता हवलदार दयानंद ने की तथा संचालन जंगवीर अलखपुरा ने किया। धरने को संबोधित करते हुए ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के ब्लॉक प्रधान ईश्वर बागनवाला ने कहा कि समिति का मुख्य विरोध पावर ग्रिड के लिए जबरन ज़मीन अधिग्रहण और उसके बदले दिए जा रहे नाममात्र मुआवजे के खिलाफ है। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकार अपनी तानाशाही नीतियों को बदले और उनकी उपजाऊ ज़मीन पर बिजली के टॉवर लगाने का फैसला वापस ले। किसानों ने एक स्वर में कहा कि वे अपनी जमीनों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस रोषपूर्ण प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान नेता और ग्रामीण शामिल हुए। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मुआवजे और ज़मीन अधिग्रहण की नीति में बदलाव नहीं किया, तो किसान अपना आंदोलन और अधिक तेज करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर संतोष, महावीर, धर्मबीर, सतबीर सिंह, महेंद्र सिंह लांबा, रामफल, डा. धर्मबीर, सुनील, बजे सिंह नेहरा, रामेहर बागनवाला, रामचंद दुन सहित अनेक किसान मौजूद रहे।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बैंक कर्मचारियों का रहा अहम योगदान : उपायुक्त साहिल गुप्ताभिवानी, 07 सितंबर : हरि...
07/09/2026

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बैंक कर्मचारियों का रहा अहम योगदान : उपायुक्त साहिल गुप्ता
भिवानी, 07 सितंबर : हरियाणा ग्रामीण बैंक रिटायर्ड स्टाफ एंड पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा सोमवार को स्थानीय कीर्ति नगर स्थित सांस्कृतिक सदन में चौथा सम्मान समारोह गरिमामयी माहौल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भिवानी सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने शिरकत की। समारोह में बैंक में अपनी अमूल्य सेवाएं दे चुके 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा ग्रामीण बैंक के चेयरमैन सुमंत कुमार ने की। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव राणा (एजीएम) और सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक वीरेंद्र सहरावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्य अतिथि भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक कर्मचारियों का ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त बैंक कर्मियों ने अपने कार्यकाल के दौरान ग्रामीण, गरीब और समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोडऩे का अनुकरणीय कार्य किया है। बैंक सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी समाज के प्रति उनका यह अनुभव और मार्गदर्शन युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। बुजुर्ग पेंशनर्स का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हरियाणा ग्रामीण बैंक के चेयरमैन सुमंत कुमार ने कहा कि आज हरियाणा ग्रामीण बैंक जिस मुकाम पर खड़ा है, उसकी मजबूत नींव इन्हीं वरिष्ठ पेंशनर्स के अथक परिश्रम और निष्ठा से रखी गई थी। सेवानिवृत्त कर्मचारी बैंक परिवार का आज भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके अनुभवों से सीख लेकर बैंक निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। बैंक प्रबंधन पेंशनर्स के कल्याण और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
एसोसिएशन के प्रधान एम.पी. कौशिक तथा संयोजक एवं कानूनी प्रकोष्ठ प्रभारी घनश्याम शर्मा (रिटायर्ड चीफ मैनेजर) ने संयुक्त बयान जारी कर समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बैंक सेवा के माध्यम से जीवन भर समाज की सेवा करने वाले अपने बुजुर्ग साथियों को सम्मानित करना पूरी संस्था के लिए गर्व और आदर का क्षण है। पेंशनर्स एसोसिएशन अपने सभी सेवानिवृत्त साथियों के सम्मान, हितों और वैधानिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह सजग है। संगठन के सामूहिक प्रयासों और एकजुटता के बल पर ही पेंशनर्स के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों में उल्लेखनीय सफलताएं हासिल हुई हैं। भविष्य में भी यह प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

तौशाम  क्षेत्र को सूखाग्रस्त  घोषित कर 50 हजार रूपये  प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार , मुख्य मन्त्री को ज्ञापन भिजवाया । किस...
07/09/2026

तौशाम क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित कर 50 हजार रूपये प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार , मुख्य मन्त्री को ज्ञापन भिजवाया । किसान सभा
भिवानी, 07 सितंबर : अखिल भारतीय किसान सभा तोशाम ब्लॉक कमेटी के नेतृत्व में किसानों ने कस्बा तोशाम स्थित एसडीएम कार्यालय के सामने एकत्र होकर धरना व प्रदर्शन करते हुए तहसील तोशाम को सूखा ग्रस्त घोषित करने, विशेष गिरदावरी करवाकर50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने तथा किसानों की अन्य ज्वलंत समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। इस अवसर पर अपनी मांगों का ज्ञापन राज्य के मुख्य मन्त्री को भिजवाया है , ज्ञापन एसडीएम तोशाम सन्दीप सिंह को सौंपा है।
सभा की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान कर्ण सिंह जैनावास ने की तथा मंच संचालन रणधीर सांगवान ने किया। किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल व कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि तोशाम क्षेत्र में सूखे, नहरी पानी की कमी से फसल खराबे के कारण किसान गंभीर संकट में हैं। कपास, मूंग, ग्वार और बाजरा सहित कई फसलें सूख चुकी हैं। नहरों की टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा और भूमिगत पानी भी अत्यधिक खारा होने के कारण सिंचाई योग्य नहीं है। इसलिए राज्य सरकार तुरन्त क्षति पूर्ति पोर्टल खोले तथा सूखे से बर्बाद फसलों की विशेष गिरदावरी करवाए ।
किसान सभा के नेताओं ने मांग की कि विशेष गिरदावरी वास्तविक नुकसान के आधार पर की जाए, 2023 के लंबित कपास फसल बीमा क्लेम का 12 प्रतिशत ब्याज सहित तत्काल भुगतान किया जाए तथा क्रॉप कटिंग पूरी तरह पारदर्शी बनाकर किसानों को मौके पर रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाए। रबी सीजन से पहले पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध करवाने और नहरों की आखिरी टेल तक पानी पहुंचाने की भी मांग की गई।
इसके अलावा हाईटेंशन लाइन से प्रभावित 13 गांवों के किसानों को उचित मुआवजा देने तथा स्मार्ट मीटर और एग्री डिस्कॉम योजना को वापस लेने की मांग की गई। किसान सभा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं करती, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा संयुक्त किसान मोर्चे के माध्यम से व्यापक किसान आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने हाई टेंशन लाइन के लिए न्यायोचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों द्वारा चलाए जा रहे धरने में पहुंचकर किसान सभा ने समर्थन दिया है । किसान सभा के धरने में एक प्रस्ताव पास करके अग्नि शमन व नगरपालिक कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए उनकी मांगें लागू करने की मांग की है तथा उनकी हड़ताल के साथ एकजुटता प्रकट की है । आज के प्रदर्शन में तोशाम ब्लाक सचिव नरेन्द्र डाडम , डा. धर्मबीर खापड़वास , डा0 सुमेर सांगवान , छोटूराम पुनिया , राजबीर बुडानिया , दयानन्द फौजी , रणधीर जाखड़, शमशेर पूनिया , धूप सिंह ईशरवाल सहित सैकड़ों किसान शामिल थे ।

जारी कर्ता नरेन्द्र डाडम , ब्लाक सचिव किसान सभा तोशाम ।

07/09/2026

एसआईआर कार्य के लिए 12-13 व 26-27 सितंबर को खुले रहेंगे संबंधित बूथ वाले कार्यालय व स्कूल: एसडीएम महेश कुमार
भिवानी, 7 सितंबर। 57-भिवानी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी ना. महेश कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य चल रहा है। निर्देशों के तहत 12 व 13 तथा 26 व 27 सितंबर को सभी बीएलओ अपने-अपने संबंधित बूथों पर उपस्थित रहकर कार्य करेंगे। ऐसे में संबंधित बूथ वाले कार्यालय व स्कूल खुले रहेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यालय भवनों एवं स्कूलों में मतदान केंद्र स्थापित हैं, उन्हें उक्त तिथियों पर खुला रखा जाए तथा संबंधित कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए ताकि बीएलओ अपना कार्य सुचारू रूप से कर सकें। साथ ही बीएलओ व आमजन के बैठने के लिए कुर्सियों तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

हड़ताल के चलते सीवरेज व सफाई से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से करें समाधान: डीआरओ-डीआरओ राज कुमार भौरिया ने समाधान शि...
07/09/2026

हड़ताल के चलते सीवरेज व सफाई से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से करें समाधान: डीआरओ
-डीआरओ राज कुमार भौरिया ने समाधान शिविर में सुनीं शिकायतें
भिवानी, 07 सितंबर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। समाधान शिविर में डीआरओ राजकुमार भौरिया ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने गोविंद राम शर्मा की शिकायत पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि हड़ताल के चलते सीवरेज या सफाई से संबंधित समस्या का समाधान करे।
डीआरओ के समक्ष वार्ड नंबर 27 निवासी गोविंद राम शर्मा ने वार्ड में सीवरेज की सफाई करवाने, गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने पुराना बस स्टैंड स्थित कुम्हारों की गली में दूषित पेयजल को दुरुस्त करवाने, सेक्टर-13 निवासी शीतल कुमार ने पेयजल लाइन को ठीक करवाने, व गांव सैय निवासी धर्मबीर ने गुर्जरों की चौपाल से कूड़ा-कचरा व अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत रखी।
इसी प्रकार गांव चांग निवासी बिमला देवी, कमला, गांव हलवास निवासी मुस्कान, गांव बाखड़ा निवासी राजेंद्र, गांव लहलाना निवासी जोगिंदर व राजकुमार ने फैमिली आईडी में आई त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायत डीआरओ के समक्ष रखी।
डीआरओ ने सभी शिकायतों को गौर से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान नगरपरिषद् से एमई सुरेन्द्र सांगवान, जन स्वास्थ्य विभाग से सूरज प्रकाश जैन व गैर सरकारी सदस्य अजीत शेखावत अनिल सोलंकी, रमेश लालावास, रामकिशन हालुवासिया, केके ग्रोवर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को जागरूक कर निर्धारित टारगेट हासिल किया जाए: धर्मबीर सिंह- सिस्टम में सुधार कर गांवों में...
07/09/2026

प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को जागरूक कर निर्धारित टारगेट हासिल किया जाए: धर्मबीर सिंह
- सिस्टम में सुधार कर गांवों में पर्याप्त पानी मुहैया करवाना सुनिश्चित करें अधिकारी: चौ. धर्मबीर सिंह
- जिला समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने दिए अधिकारियों को निर्देश, बैठक में हिसार के सांसद जय प्रकाश दलाल भी रहे मौजूद
भिवानी, 07 सितंबर। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने सिंचाई एवं पेयजल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में पर्याप्त पानी मुहैया करवाना सुनिश्चित करें ताकि आने वाले समय में पेयजल की किल्लत ना बनें। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्राकृतिक खेती पर किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि व प्राकृतिक खेती से होने वाले फायदों के प्रति लोगों को जागरूक करें। सरकार द्वारा दिए गए प्राकृतिक खेती के टारगेट को हासिल करें। सॉयल हेल्थ कार्ड स्कीम में खेत की मिट्टी की सही जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी किसी एक सीएससी सेंटर पर कार्य करवाने के लिए बाध्य ना करें। ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में करीब 45 स्कीमों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में हिसार के सांसद जय प्रकाश सहित एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, भिवानी के एसडीएम महेश कुमार, तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, सिवानी की एसडीएम विजया मलिक, सिवानी नगर पालिका चेयरपर्सन वंदना केडिय़ा, लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल और डीएमसी हरबीर सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल ने एजेंडा प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान सांसद धर्मबीर सिंह ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की समीक्षा करते हुए सिंचाई और मीकाढा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नहरी सिस्टम में सुधार करवाएं ताकि जिला की नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए अत्यधिक बारिश या जलभराव से प्रभावित स्कूलों के भवनों को दुरुस्त किया जाए। जर्जर स्कूलों का नव निर्माण प्राथमिकता के साथ हो। अनसेफ घोषित हो चुके स्कूलों में कक्षा न लगें। सांसद ने निर्देश देते हुए कहा कि जिला में ऐसे महिला कॉलेज हैं, जिनकी संबंधित गांव के बस स्टैंड या मुख्य सडक़ से दूरी कुछ अधिक बनती है, इससे वहां से छात्राओं को कॉलेज तक पैदल पहुंचने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यदि परिवहन विभाग से यहां पर बस लगाना संभव नहीं होता है तो वे सांसद निधि कोष से छोटे ईवी आदि वाहनों का प्रबंध करवाएंगे। ऐसे कॉलेजों के सर्वे के लिए सांसद ने जिला के सभी एसडीएम को जिम्मेवारी सौंपी।
सांसद ने फूड सेफ्टी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्देश दिए सरकारी राशन डिपो पर पात्र लोगों को निर्धारित राशन नहीं देने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। सांसद ने शहरी स्थानीय निकाय और नगर योजनाकार विभाग को निर्देश दिए कि वे शहर के कंट्रोल्ड एरिया में अनाधिकृत रूप से औद्योगिक या आवासीय कॉलोनी को विकसित ना होने दें। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण, सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी और शहरी स्थानीय निकाय को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जमीनों की पमाईश करवाएं। जहां भी उनकी जमीन पर कोई अवैध कब्जा है तो उसको खाली करवाएं। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा नही होना चाहिए। इसी प्रकार से सांसद ने बैठक में रखे गए विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं को सही ढंग से अमलीजामा पहनाएं।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड स्कीम, पशुधन सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजीटल इंडिया पब्लिक इंटरनेट एक्सेस प्रोग्राम, मिड-डे मील, समग्र शिक्षा, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, नेशनल फूड सिक्योरिटी, हर घर गृहणी योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, नेशनल हेल्थ मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्व निधि स्कीम, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, माइनिंग, नेशनल हाई-वे, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, स्वामित्व योजना, रेलवे, नेशनल फेमिली बेनीफिट स्कीम, राष्टï्रीय सामाजिक सहायक कार्यक्रम, महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, डिजीटल लैंड रिकार्ड, दीन दयाल अंत्योदय योजना, वाटर शेड मैनेजमेंट कार्यक्रम, वीबीजीरामजी, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, भारत नेट आदि योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक के दौरान सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता दिनेश राठी, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता जितेंद्र ढुल, जिला राजस्व अधिकारी राज कुमार भौरिया, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, डीडीए डॉ. राजेश वत्स, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र हुड्डा सहित सभी विभागों के अधिकारियों के अलावा सुधीर चांदवास व पंकज कौशिक भी मौजूद रहे।
************************

सत्य निकेतन हादसे पर भिवानी में फूटा आक्रोशएनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मंजीत लांगयान ने सरकारों को घेरा, सीबीएलयू में स...
07/09/2026

सत्य निकेतन हादसे पर भिवानी में फूटा आक्रोश
एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मंजीत लांगयान ने सरकारों को घेरा, सीबीएलयू में सुरक्षित छात्रावासों की उठाई मांग
लगातार सामने आ रही दर्दनाक घटनाएं सरकारों की निगरानी और जिम्मेदारी पर खड़े कर रही सवाल : मनजीत लांग्यान
भिवानी, 07 सितंबर : भिवानी में एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं छात्र नेता मंजीत लांगयान ने एनएसयूआई साथियों के साथ मिलकर नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित नेकीराम शर्मा की 139वीं जयंती पर उन्हें नमन किया गया।
शोकसभा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए छात्र नेता मंजीत लांगयान ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना केवल एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि यह सरकारों की व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का गंभीर परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर जिंदगी कीमती है, लेकिन देश और प्रदेशों में लगातार सामने आ रही ऐसी दर्दनाक घटनाएं सरकारों की निगरानी और जिम्मेदारी पर बड़े सवाल खड़े करती हैं। आखिर बार-बार होने वाली इन घटनाओं को रोकने के लिए सरकारें क्या ठोस कदम उठा रही हैं? भाजपा सरकार को केवल घटनाओं के बाद बयानबाजी करने के बजाय आम लोगों की सुरक्षा के लिए जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
दिल्ली के हादसे को हरियाणा के विद्यार्थियों की सुरक्षा से जोड़ते हुए मंजीत लांगयान ने भिवानी स्थित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर कड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में भिवानी से बाहर, दूर-दराज के क्षेत्रों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढऩे आते हैं, लेकिन आज भी यहां पर्याप्त और सुरक्षित छात्रावासों का भारी अभाव है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षण संस्थानों में सुरक्षित हॉस्टल की सुविधा नहीं मिलती, तो विद्यार्थियों और उनके परिवारों को मजबूरन पीजी या असुरक्षित किराए के कमरों में रहना पड़ता है। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ तो बढ़ता ही है, साथ ही बच्चों विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता हमेशा बनी रहती है। सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उच्च शिक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, तो फिर दूर-दराज से आने वाली छात्राओं के लिए सुरक्षित हॉस्टल क्यों नहीं बनवाए जा रहे।
लांग्यान ने मांग की कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार जल्द से जल्द पर्याप्त छात्रावासों का निर्माण कराया जाए। दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित आवास सुविधा मुहैया कराई जाए। एनएसयूआई सीबीएलयू छात्र नेता सागर अत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं के लिए सुरक्षित छात्रावास की व्यवस्था न होना बेहद गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को तुरंत इस दिशा में ठोस कदम उठाकर विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं पर्याप्त आवास सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। इस अवसर पर अमन, दीपक, विनीत बामलिया, चाइना शायर, धीलू, इमरान, जतिन, वैभव, मोहित, कुणाल, प्रीतम एवं कपिल सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

Address

Media Center Improvment Trust Market
Bhiwani
127021

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Bhiwani Times posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Bhiwani Times:

Shortcuts

Share