02/05/2026
अधिवक्ता परिषद भिवानी द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन
रणवीर खरकाली को अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री का दायित्व मिलने पर दी बधाई
हरियाणा के अधिवक्ता समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है रणवीर खरकाली की नियुक्ति : जांगड़ा
भिवानी, 02 मई : स्थानीय जिला बार सभागार में शनिवार को अधिवक्ता परिषद भिवानी द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रणवीर खरकाली को अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का संयुक्त महामंत्री नियुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के जिला अध्यक्ष सुमित जांगड़ा ने की। समारोह में कानूनी क्षेत्र की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की। जिनमें अधिवक्ता परिषद के प्रांत अध्यक्ष जगरूप सिंह, प्रांत महामंत्री शीता तंवर, अतिरिक्त महाधिवक्ता रविंद्र बुधवार, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, अशोक सिरसी, चंद्रपाल चौहान, विभाग प्रमुख गणेश बंसल, जिला बार एसोसिएशन भिवानी के प्रधान अधिवक्ता संदीप तंवर, सचिव विनोद भारद्वाज सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ परंपरा अनुसार राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर परिषद की परंपरा को निभाते हुए सभी आमंत्रित अतिथियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने परिषद के विस्तार और अधिवक्ताओं के गौरव पर अपने विचार रखे। संदीप तंवर ने रणवीर खरकाली की नई जिम्मेदारी को पूरे भिवानी के लिए गर्व का विषय बताया। जगरूप सिंह व चंद्रपाल चौहान ने अधिवक्ता परिषद के उद्देश्यों और समाज में वकीलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस मौके पर अधिवक्ता परिषद के जिला महामंत्री अमित बंसल ने कहा कि यह नियुक्ति न केवल संयुक्त महामंत्री के लिए बल्कि पूरे हरियाणा के अधिवक्ता समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। वही नवनियुक्त संयुक्त महामंत्री रणवीर खरकाली ने इस नई जिम्मेदारी के लिए परिषद का आभार जताया और संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन जिला अध्यक्ष सुमित जांगड़ा द्वारा सभी अतिथियों और उपस्थित सदस्यों के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई और कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की गई। इस गौरवशाली क्षण में अधिवक्ता परिषद भिवानी के समस्त पदाधिकारियों सहित जिला बार एसोसिएशन के सदस्य भी भारी संख्या में उपस्थित रहे।