07/02/2026
घुटने पर आया पाकिस्तान! आईसीसी को लिखा लेटर, भारत का मैच बॉयकॉट करने पर चारों ओर से घिरा
पाकिस्तान ने 'फोर्स मेज्योर' का बहाना बना कर भारत के खिलाफ टी 20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार कर दिया है। आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए पीसीबी से जवाब तलब किया है और कार्रवाई की चेतावनी दी है।
टी 20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के महामुकाबले (India vs Pakistan T20 World Cup) पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करने के लिए एक अजीबोगरीब कानूनी दांव चला है, जिस पर अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (PCB vs ICC Dispute) ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आईसीसी ने पीसीबी को दो टूक जवाब देते हुए पूछा है कि आप अपनी सुविधानुसार नियमों का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं? इस बीच श्रीलंका ने भी पाकिस्तान से कहा है कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करे, वरना पूरी सिरीज और टिकटों पर भी इसका असर पड़ेगा।
आखिर क्या है पूरा विवाद ? (Cricket World Cup News)
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को एक पत्र लिख कर सूचित किया था कि वे 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। इसके लिए पीसीबी ने 'फोर्स मेज्योर' (Force Majeure) क्लॉज का सहारा लिया है। पाकिस्तान का तर्क है कि उनकी सरकार ने उन्हें यह मैच खेलने से मना किया है, इसलिए यह परिस्थिति उनके नियंत्रण से बाहर है। पाकिस्तान यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठा रहा है, जिसे भारत में खेलने से मना करने पर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था।
आईसीसी का कड़ा सवाल: बाकी मैच हां, तो भारत से क्यों नहीं ?
आईसीसी ने पाकिस्तान के इस तर्क की हवा निकाल दी है। वैश्विक संस्था ने पीसीबी से स्पष्टीकरण मांगा है कि अगर 'फोर्स मेज्योर' (यानी असाधारण परिस्थिति जैसे युद्ध या प्राकृतिक आपदा) लागू है, तो वह टूर्नामेंट के बाकी मैच कैसे खेल सकता है? आईसीसी का कहना है कि आप "पिक एंड चूज" (Selectively playing) की नीति नहीं अपना सकते। या तो आप पूरा टूर्नामेंट खेलते हैं या नहीं। केवल एक टीम (भारत) के खिलाफ मैच छोड़ने के लिए इस नियम का हवाला देना कानूनी रूप से गले नहीं उतर रहा।
क्या होता है 'फोर्स मेज्योर'? (Force Majeure Clause)
सरल भाषा में कहें तो 'फोर्स मेज्योर' एक ऐसा कानूनी प्रावधान है जो किसी को तब अपनी जिम्मेदारी पूरी करने से छूट देता है जब हालात इंसान के बस में न हों—जैसे भूकंप, बाढ़ या युद्ध। आईसीसी ने पाकिस्तान को साफ कर दिया है कि केवल "राजनीतिक असुविधा" या "विरोध जताना" इस नियम के दायरे में नहीं आता। इसके लिए पीसीबी को ठोस सबूत देने होंगे कि उन्होंने मैच खेलने की हर संभव कोशिश की थी, लेकिन हालात वाकई बेकाबू थे।