14/02/2026
जब कोई हृदय अपनी गहराइयों से बोलने की कोशिश करता है, तो शब्द अक्सर रुक जाते हैं। वे थम जाते हैं उस कोमल सीमा पर जहाँ मौन ही सबसे सच्ची भाषा बन जाता है। कवयित्री मीनू लोढ़ा जी का काव्य-संग्रह ‘कचनार ...और गुलाबी खामोशी’ हिंदी कविता की उस परंपरा का एक नवीन, संवेदनशील और आंतरिक आयाम प्रस्तुत करता है जहाँ व्यक्तिगत अनुभूति सार्वजनिक सत्य बन जाती है। यह संग्रह न केवल भावों का संकलन है, बल्कि आत्मा की उन कोमल परतों का उद्घाटन है जहाँ शब्द सीमा पर खड़े होकर मौन को ही भाषा बना लेते हैं।
पुस्तक का शीर्षक स्वयं एक काव्यात्मक सूत्र है। ‘कचनार’ वह गुलाबी-लाल फूल जो वसंत में खिलकर प्रकृति की नाजुक सौंदर्य-भावना को व्यक्त करता है- स्त्रीत्व, कोमलता, जीवन-ऊर्जा और नई आशा का प्रतीक है। ‘गुलाबी खामोशी’ उस मौन की व्याख्या करती है जो लज्जा, गहराई और अनकही भावनाओं से भरा होता है। एक ऐसा मौन जो चुप रहकर भी बोलता है, जो पीड़ा को स्वीकार करता है और प्रेम को निभाने की शक्ति देता है। यह शीर्षक संग्रह की द्वंद्वात्मकता को रेखांकित करता है, बाहरी रंगीन खिलावट और भीतरी शांत गहराई।
इस संग्रह की कविताएँ लिखी नहीं गईं, जी गईं। ये उन रातों से निकली हैं जब आँसू शब्द बनने से पहले तकिए पर गिरते हैं। ये उन सुबहों से आई हैं जब सूरज उगने से पहले भीतर ही रोशनी जलती रहती है। ये प्रेम हैं- जो पाने से कहीं अधिक निभाने का है, जो दूर रहकर भी पास रहता है। ये पीड़ा हैं- जो टूटने से अधिक स्वीकार करने की है, जो घावों को फूल बनाने की कला सिखाती है। और ये उम्मीद हैं- वह छोटी-सी, काँपती हुई लौ जो अंधेरे में भी नहीं बुझती, बस जलती रहती है, धीरे-धीरे, लेकिन अटूट।
कविताएँ- जैसे ‘अंतर्नाद’, ‘खामोशी’, ‘अधूरी मुहब्बत’, ‘सुकून की बात’, ‘मैं मुक्त कविता होती’ -प्रेम की सात्विकता, पीड़ा की स्वीकृति, आशा की अटूट लौ, आत्मिक जागरण और अदृश्य शक्ति के प्रति समर्पण जैसे विषयों पर केंद्रित हैं। कवयित्री स्पष्ट कहती हैं कि ये कविताएँ ‘लिखी नहीं गईं’ ये भीतर की चुप्पियों, अधूरी मुस्कानों और आत्मा के गहन संवादों से स्वतः उभरी हैं। यह स्वाभाविकता संग्रह की सबसे बड़ी विशेषता है। भाषा सरल, सहज और प्रवाहपूर्ण है- न कोई अतिरेकी अलंकार, न जटिल छंदबद्धता फिर भी प्रत्येक पंक्ति में गहन अनुभूति का स्पंदन है। यह आधुनिक हिंदी कविता की मुक्त छंद शैली को अपनाते हुए भी भावों की शुद्धता और आध्यात्मिक गहराई को बनाए रखती है।
मीनू लोढ़ा जी की कृति में प्रेम ‘पाने से अधिक निभाने’ का है, पीड़ा ‘टूटने से अधिक समझ’ की है, और आशा ‘अंधकार में जलती छोटी-सी लौ’। यहाँ जीवन एक आंतरिक यात्रा है- मन की यात्रा, आत्मिक जागरण के क्षण और उस अदृश्य शक्ति के प्रति समर्पण जो स्वयं से और जीवन से जोड़ती है। संग्रह उन संवेदनशील हृदयों को समर्पित है जो गहराई से महसूस करते हैं किंतु शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते। यदि कोई पाठक इन पंक्तियों में अपनी कोई चुप्पी, स्मृति, प्रार्थना या अनकहा भाव पा ले, तो यही इस संग्रह की सार्थकता है।
समकालीन हिंदी काव्य में यह संग्रह एक नई आवाज़ है- व्यक्तिगत होते हुए सार्वभौमिक, स्त्री-दृष्टि से लिखी गई परंतु मानवीय अनुभूति की सार्वत्रिकता को छूती हुई। यह मौन की भाषा में बोलने वाली कविता है, जो पाठक को भीतर की यात्रा पर आमंत्रित करती है।
यह संग्रह उन सभी के लिए है जिनके भीतर एक गुलाबी खामोशी बसती है... और जो उस खामोशी में भी संपूर्ण प्रेम, पीड़ा और आशा को जीते हैं। मीनू लोढ़ा ने इस खामोशी को शब्द दिए हैं। अब बारी हमारी है, उन्हें सुनने की, महसूस करने की, और शायद... थोड़ा-सा जीने की।
- सत्यम सिंह बघेल