18/10/2025
ट्रेन में छूटा यात्री का बैग आरपीएफ ने किया सुरक्षित बरामद
शुक्रवार को जम्मू तवी–कोलकाता एक्सप्रेस में लखनऊ से गया की यात्रा कर रहे गया निवासी ऋषभ कुमार का बैग ट्रेन में छूट गया। यात्री ने घटना की शिकायत रेल हेल्पलाइन पर दर्ज कराई। शिकायत के बाद आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के पहाड़पुर स्टेशन पहुंचने पर कोच संख्या 1 से बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
आरपीएफ कोडरमा पोस्ट प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही आरक्षी रामाश्रय कुमार एवं सुजीत कुमार ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैग की पहचान की और उसे सुरक्षित रखा गया।
शिकायतकर्ता के पहाड़पुर स्टेशन पहुंचने पर बैग की पहचान कराई गई। बैग से दो एप्पल लैपटॉप, एक हेडफोन, एप्पल वॉच, दो चांदी के कंगन और 14,000 रुपये नकद बरामद हुए। आरपीएफ की तत्परता से यात्री ने राहत की सांस ली और टीम के प्रति आभार जताया।