08/08/2026
साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर, छात्रों को डिजिटल अरेस्ट से बचने की दी जानकारी
ब्रजराजनगर। झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर थाना पुलिस की ओर से शुक्रवार को ब्रजराजनगर महाविद्यालय के सभागार में साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी धबलेश्वर साहू के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कॉलेज के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और तथाकथित ‘डिजिटल अरेस्ट’ से बचाव के उपाय बताए गए।
थाना प्रभारी धबलेश्वर साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर ठगी के मामलों में अपराधी पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और वीडियो कॉल के जरिए ‘डिजिटल अरेस्ट’ की बात कहकर पैसे की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है, इसलिए ऐसे मामलों में घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल आने पर तत्काल सतर्क रहने की अपील की।
शिविर में बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाने में भी मामले की सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य विजय साहू, वाणिज्य विभागाध्यक्ष विक्रम प्रधान, लुगुचरण मरांडी, गांधी चौक फांड़ी प्रभारी मदनमोहन नायक, ईएसआई प्रभाकर पात्र, प्राध्यापिका डॉ. पुष्पांजलि साहू और सौम्यरंजन साहू सहित अन्य अतिथि एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापिका डॉ. पुष्पांजलि साहू ने किया।