17/03/2026
श्री भगवती वैष्णवी देवी मंदिर लोहरवाड़ा में नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां तेज, अभिषेक के साथ हुआ शुभारंभ
नसीराबाद/राहुल कुमार वर्मा
अजमेर जिले के नसीराबाद शहर के ग्राम लोहरवाड़ा (कोटा रोड) स्थित श्री भगवती वैष्णवी देवी मंदिर में 19 मार्च से शुरू होने जा रहे चैत्र नवरात्रि महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट और निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिससे इस बार श्रद्धालुओं को एक नया और दिव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।
नवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व गुरुवार को विधिवत अभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो पंडित कैलाश चंद शर्मा के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। इस दौरान मंदिर समिति एवं कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धा और विधि-विधान के साथ माता रानी का अभिषेक किया गया।
मंदिर के पुजारी अरुण कुमार गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के दौरान अनेक धार्मिक कार्यक्रम, भजन संध्या, विशेष पूजा-अर्चना और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।
इस बार मंदिर में प्रवेश द्वार से ही भव्यता का अनुभव होगा। बाहर से आए कारीगरों द्वारा की गई आकर्षक डिजाइन और कलाकारी मंदिर की सुंदरता को और भी बढ़ा रही है। मंदिर का नया स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
मंदिर की एक विशेषता यह भी है कि यहां दिन के समय भी मंदिर के पट खुले रहते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी समय माता रानी के दर्शन का लाभ प्राप्त हो जाता है। जहां अधिकतर मंदिरों में दिन के समय पट बंद रहते हैं, वहीं कोटा रोड स्थित लोहरवाड़ा टैंक का यह मंदिर भक्तों के लिए हर समय दर्शन हेतु सुलभ रहता है।
गौरतलब है कि यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां जम्मू-कटरा से लाई गई अखंड ज्योति आज भी निरंतर प्रज्वलित है। नवरात्रि के अवसर पर यहां दूर-दूर से भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से नवरात्रि महोत्सव में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।