17/09/2026
*स्वच्छता ही सेवा 2026 का नगर परिषद चाईबासा में शुभारंभ*
--------------------------
*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान, स्वच्छ एवं सुंदर चाईबासा के लिए दिलाई गई स्वच्छता शपथ*
=================
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड, रांची से प्राप्त निर्देश के आलोक में पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत नगर परिषद चाईबासा द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2026 कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। नगर परिषद परिसर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्री नितिन प्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती संतोषिनी मुर्मू, उपाध्यक्ष श्री विकास कुमार शर्मा, वार्ड पार्षदगण, नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मी, पायनियर एजेंसी के प्रतिनिधि, सफाई कर्मी तथा सफाई मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए स्वच्छता शपथ ग्रहण की। शपथ के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, स्वच्छता के प्रति आम लोगों को जागरूक करने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियों तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सफाई कर्मियों एवं सफाई मित्रों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में प्रतिदिन योगदान देने वाले सफाई कर्मियों के कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए आम नागरिकों से भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। नगर परिषद की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाए, ताकि चाईबासा को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
-jharkhand