24/07/2026
*गांव मनुमाजरा में आयोजित बैठक में सामाजिक विवाद सुलझाने को लिए गए अहम फैसले*
*अवैध भूमि पर कब्जे और सामाजिक बहिष्कार को लेकर गांववासियों का सख्त रुख*
बराड़ा। ग्राम मनुमाजरा में 24 जुलाई, शुक्रवार को आयोजित ग्राम पंचायत की बैठक में गांव में उत्पन्न विभिन्न सामाजिक विवादों और आपसी मतभेदों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए, जिनका उद्देश्य गांव में शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना बताया गया।
बैठक में सबसे पहले भूमि विवादों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि गांव की किसी भी भूमि पर संबंधित भूमि मालिक की सहमति के बिना यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से कब्जा करता है या प्रवेश करता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होगी। ऐसे मामलों में भूमि मालिक अथवा संबंधित पक्ष के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह निर्णय भविष्य में भूमि संबंधी विवादों को रोकने और अनावश्यक तनाव से बचने के उद्देश्य से लिया गया है।
बैठक में पारित सभी प्रस्तावों को उपस्थित पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। इसके बाद सभी सदस्यों और गांववासियों ने बैठक की कार्यवाही पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज कराई।
*गांव का माहौल खराब करने की कोशिश, परिवार का किया बहिष्कार*
बैठक के दौरान गांव में उत्पन्न एक सामाजिक विवाद पर भी विचार किया गया, जिसमें गांव के ही एक परिवार पर जातिगत मतभेद उत्पन्न कर गांव का माहौल खराब करने की कोशिश करने के आरोप लगाए गए। पंचायत ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि चरणजीत सिंह पुत्र जसपाल सिंह के परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति उक्त परिवार से संपर्क रखता है तो उससे सामाजिक जुर्माना वसूला जाएगा और पूरे गांव को भोज कराना पड़ेगा। पंचायत के अनुसार यह निर्णय गांव की सामाजिक व्यवस्था और मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।