28/01/2022
👉जिला सड़क सुरक्षा समीति की बैठकों से उपायुक्त करनाल निशांत कुमार यादव के प्रयासों को मिली सफलता, नेशनल हाईवे से निर्मल कुटिया चौक के पास एग्जिट पाँयट पर काम हुआ शुरू, दो महीनो में होगा पूरा।
👉सड़क सुरक्षा समीति की मासिक बैठक के एजेण्डा में 16 बिन्दुओं पर हुई चर्चा, 6 कार्य हुए मुकम्मल, 10 प्रगति पर।
👉करनाल 28 जनवरी, जिला सड़क सुरक्षा समीति की बैठकों में उपायुक्त निशांत कुमार यादव के प्रयास रंग लाए। इसे लेकर शहर से गुजरते नेशनल हाईवे पर निर्मल कुटिया के पास आखिर एक एग्जिट पाँयट मिल गया है। एन.एच.ए.आई. ने इस पर काम भी शुरू कर दिया है, जो दो महीनो में पूरा होगा। शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में सम्पन्न मासिक बैठक में उपायुक्त एवं समीति के चेयरमैन निशांत कुमार यादव ने इसकी जानकारी दी।
गौर हो कि पिछले करीब एक साल से ओर लगातार 9 बैठकों में इस मुद्दे को उठाया गया, अंतत: एन.एच.ए.आई. ने लोगों की सुविधा को देखते इसे स्वीकृत किया और अब इस पर काम शुरू हो गया है। इस सुविधा से दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनो को लघु सचिवालय, के.सी.जी.एम.सी. और ट्रामा सेंटर में पहुंचने के लिए यह सुविधा मुनस्सर होगी।
👉शहर में एल.ई.डी. लगाने का काम हुआ शुरू-मीटिंग में उपायुक्त ने जानकारी दी कि करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से शहर में एल.ई.डी. लाईटें लगाने का जो प्रोजेक्ट लिया गया था, उस पर काम शुरू हो गया है। जिस कम्पनी को कॉन्ट्रैक्ट दिया है, वह 28 सप्ताह में इस काम को पूरा करेगी। 10 साल का मेन्टेनेन्स भी कम्पनी का रहेगा। इस प्रोजेक्ट में 40, 70 व 150 वाट की अलग-अलग लाइटें होंगी, जो अंधेरा होते ही स्वत: जग जाएंगी और भौर होते ही बंद हो जाएंगी, इससे पावर की बचत होगी। डैशबोर्ड से यह भी पता लग सकेगा कि कितनी लाईटें बंद रही, उसी हिसाब से कम्पनी को पेनेल्टी लगाकर कटौती करेंगे।
👉चाईनिज डोर पर लगा प्रतिबंध- मीटिंग में मौजूद गैर-सरकारी सदस्य संदीप लाठर द्वारा बताए गए मुद्दे पर उपायुक्त ने बताया कि बसंत पंचमी का त्यौहार निकट है। इस दिन बड़े पैमाने पर शहर में पतंग बाजी होती है। इसे देखते चाईनिज डोर के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, कोई इसे बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि चाईनिज डोर पशु-पक्षियों और मनुष्य के लिए घातक है, इसमें फंस जाने से दुर्घटना होती है। इसके लिए धारा 144 में भी ऑर्डर जारी करने जा रहे हैं।
👉शहर की मुख्य सड़कों पर बेतरतीब रहेडिय़ों का मुद्दा फिर उठा- मीटिंग में गैर-सरकारी सदस्य प्रमोद गुप्ता ने शहर की पुरानी सब्जी मण्डी रोड, मुगल कैनाल, कमेटी चौक, बस स्टैण्ड के सामने, माल रोड और राम नगर का चार खम्बा रोड पर बेतरतीब खड़ी रहने वाली.फल-सब्जियों की रेहडिय़ों का मुद्दा उठाया। इस पर उपायुक्त ने एस.डी.एम. करनाल, एस.एच.ओ. ट्रैफिक और नगर निगम के ई.ओ. को लेकर एक कमेटी बनाने के निर्देश दिए। कमेटी 5-6 ऐसी जगहों का निरीक्षण करेगी, जहां रेहडिय़ां खड़ी होती हैं, इनको हटवाएंगे। उन्होंने बताया कि काछवा फ्लाईओवर के नीचे ऐसी रेहडिय़ों के लिए वैंडिंग जोन है, कोशिश करेंगे कि रेहडिय़ां वहां शिफ्ट हों।
👉अम्बेडकर चौक से एन.डी.आर.आई. तक सड़क मार्ग पर सामान विक्रेताओं के होंगे चालान- उपायुक्त ने बताया कि अम्बेड़कर चौक से एनडीआरआई तक महिला थाना और आर.टी.ए. ऑफिस के आगे फुटपाथ पर अतिक्रमण होने की शिकायतें मिलती हैं। जो लोग फुटपाथ पर सामान रखकर बेचते हैं या वाहनो को खड़ा रखते हैं, उनके चालान होंगे।
बीते मास में ओवरलोडिंग से आर.टी.ए. कार्यालय व पुलिस ने 1 करोड़ 36 लाख से अधिक की रिकवरी की- मीटिंग में सड़क सुरक्षा समीति का मासिक एजेण्डा प्रस्तुत करते आरटीए कार्यालय के निरीक्षक जोगिन्द्र ढुल ने बताया कि बीते दिसम्बर 2021 में आर.टी.ए. कार्यालय की ओर से ओवरलोड वाहनो के चालान कर 1 करोड़ 12 लाख 43 हजार 500 रूपये की रिवकरी की। इसी प्रकार पुलिस विभाग द्वारा भी 24 लाख 13 हजार 900 रूपये की रिकवरी की गई।
👉शहर के 29 चौक-चोराहों पर तरतीब से होगी जेबरा क्रॉसिंग, साईन बोर्ड भी लगेंगे- उपायुक्त ने बताया कि शहर के 29 चौक-चोराहों पर नगर निगम की ओर से सड़क के नियमानुसार जेबरा क्रॉसिंग बनवाए जाएंगे और सभी जगह साईन बोर्ड लगवाए जाएंगे, जिस पर लिखा होगा कि वाहनो को जेबरा क्रॉसिंग से पहले रोकें, अन्यथा होगा चालान। इसी प्रकार शहर के एन.डी.आर.आई., कमेटी चौक, नूर महल, मुगल कैनाल, शहीद उधम सिंह चौक, हांसी चौक और ब्रह्मानंद चौक पर ब्लिकिंग लाईट लगाने के भी उन्होंने नगर निगम के प्रतिनिधि को निर्देश दिए।
👉15 फरवरी से शहर की सड़कों पर बारिश से हुई क्षति को दुरूस्त करने का काम होगा शुरू- मीटिंग में उपायुक्त ने बताया कि सर्द मौसम की बारिशे लगभग समाप्त हो गई हैं। वर्षा से तारकोल निर्मित सड़कों पर जहां-जहां क्षति हुई है, 15 फरवरी के बाद इन्हें दुरूस्त करने का काम शुरू करेंगे।
👉कुंजपुरा रोड पर मंगलपुर चौक के पास लीकेज से क्षतिग्रस्त सड़क का होगा सोल्यूशन- उपायुक्त ने बताया कि कुंजपुरा रोड स्थित मंगलपुर चौक पर जन स्वास्थ्य विभाग के पाईप की लीकेज से जो जगह क्षतिग्रस्त हो गई है, उसके लिए उन्होंने पब्लिक हैल्थ के अधिकारी को निर्देश दिए कि अगली मीटिंग से पहले-पहले ठीक करवाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (सड़कें) के अधिकारी को यह भी निर्देश दिए कि शहर के पूर्व में मिनी बाईपास को आगे करनाल-लाडवा रोड तक सही-सलामत बनाए रखने के लिए सड़क को चौड़ा करें और इस पर जो गढ्ढें हैं, उन्हें भर दें। इस कार्य का एस्टीमेट बनाकर उसे अप्रूवल के लेकर मुख्यालय भेजें।
तरावड़ी के पास एन.एच. के निकट बरसाती पानी की निकासी के लिए पंचायती राज बनाएगा नाला- एजेण्डा में शामिल एक बिन्दू पर चर्चा के दौरान उपायुक्त ने बताया कि तरावड़ी के पास एन.एच. से लगती एक जगह पर बरसाती पानी से भराव हो जाता है, इसके सोल्यूशन के लिए एक्सईएन पंचायती राज को निर्देश दिए कि एन.एच.ए.आई. से एन.ओ.सी. लेकर नाला बनाए। फिलहाल एन.एच.ए.आई. इस जगह पर रेन हार्वेस्टर बनवाएं।
👉मीटिंग में प्रस्तुत एजेण्डे में सम्मिलित 16 बिन्दु थे। चर्चा के दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि इनमें से 6 कार्य मुकम्मल हो गए और 10 प्रगति पर चल रहे हैं।
सड़क सुरक्षा समीति की बैठक में जिला परिवहन अधिकारी उर्मिल श्योकंद, एसडीएम करनाल गौरव कुमार, एसडीएम असंध मंदीप कुमार, एसडीएम घरौंडा अभय जांगड़ा, सीटीएम मयंक भारद्वाज तथा डीडीपीओ राजबीर खुंडिया के अतिरिक्त गैर-सरकारी सदस्य संदीप लाठर, प्रमोद गुप्ता व विपिन शर्मा भी मौजूद रहे।